बिहार के गोपालगंज जिले में एक निजी कार्यक्रम के दौरान अश्लील डांस और हथियार लहराने के मामले में जनता दल यूनाइडेट के मोकामा से विधायक अनंत की मुश्किलें बढ़ती दिख रही है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अनंत सिंह समेत कुल 9 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
हथियार प्रदर्शन और अश्लीलता के आरोप
गोपालगंज के मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमरांव गांव में मुखिया गुड्डू राय के आवास पर आयोजित जनेऊ में मोकामा के बाहुबली जदयू विधायक अनंत सिंह शिरकत करने पहुंचे थे। इसी कार्यक्रम में अश्लील डांस भी हुआ था। अनंत सिंह डांस पर तालियां बजाते दिखाई दिए थे। हथियार लहराने और डांस का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला गया था। पहले वीडियो में दिख रहा है कि विधायक अनंत सिंह एक हॉल में बैठकर आर्केस्ट्रा गर्ल्स का अश्लील डांस देख रहे हैं और उत्साह बढ़ा रहे हैं। दूसरा वीडियो में उनके समर्थक गानों की धुन पर खुलेआम पिस्टल और राइफल लहराते हुए नाच रहे हैं। जाति से जुड़े गाने बज रहे हैं
वायरल वीडियो पर एसपी ने लिया संज्ञान
इसका वीडियो आने के बाद गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनय तिवारी ने मामले का संज्ञान लिया और साइबर सेल की जांच के बाद विधायक समेत नौ लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया। एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर हथुआ एसडीपीओ ने वीडियो की जांच की। सत्यापन के दौरान कुछ व्यक्तियों को चिन्हित किया गया, जो अवैध / प्रतिबंधित एवं लाइसेंसी हथियार का प्रदर्शन कर रहे थे और अश्लील डांस में शामिल थे। साथ ही उसका वीडियो बनाकर इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से प्रसारित कर रहे थे।
एफआईआर में इन लोगों के नाम
इस संबंध में मीरगंज थाने में 9 नामजद और अन्य अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस ने आयोजक गुड्डू राय, उत्सव राय, प्रियांशु कुमार, टिशू राय, सौरव कुमार राय, विशाल राय, सुनील यादव के साथ अनंत सिंह और गुंजन सिंह समेत कुल 9 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है। इसके अलावा कई अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।

