बिहार की नई सरकार कल आकार लेने जा रही है। 7 मई को बिहार को उसका पूरा मंत्रिमंडल मिल जाएगा। एनडीए की नई सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार और शपथ ग्रहण 7 मई को होना है। शपथ ग्रहण समारोह पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित होगा। प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं और सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है।
कैसा होगा नई कैबिनेट का स्वरूप?
सम्राट चौधरी की नई कैबिनेट का स्वरूप कैसा होगा ये भी सामने आ गया है। बीजेपी और जेडीयू के साथ सहयोगी दलों लोजपा (रामविलास), हम और आरएलएम से भी मंत्री बनेंगे। बीजेपी से 12 और जेडीयू से करीब 11 से 12 मंत्री शपथ ले सकते हैं। इसके अलावा सहयोगी दलों जैसे चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) से 2 मंत्री और जीतन राम मांझी की ‘हम’ पार्टी से 1 मंत्री के शामिल होने की संभावना है।
इस बार नए चेहरों को मिल सकती है जगह
माना जा रहा है कि इस फेरबदल में नए चेहरे शामिल हो सकते हैं और साथ ही कुछ महत्वपूर्ण विभागों का पुनर्वितरण भी हो सकता है। उम्मीद है कि यह प्रक्रिया राज्य में जाति और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व के रणनीतिक संतुलन को दर्शाएगी।
पीएम मोदी और अमित शाह होंगे शामिल
इस समारोह की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने वाले हैं। इनके अलावे इस समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार भी शामिल होंगे।
शपथ ग्रहण के जरिए शक्ति प्रदर्शन की तैयारी
कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए तीन बड़े-बड़े मंच बनाए जा रहे हैं। मुख्य मंच पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के साथ-साथ मंत्रीमंडल में शामिल होने वाले वह सभी विधायक मौजूद होंगे। दूसरे मंच पर एनडीए के विधायक और एमएलसी के साथ अन्य बड़े-बड़े नेता रहेंगे, जबकि तीसरे मंच पर संगीत का आयोजन किया जाएगा।

