सम्राट कैबिनेट की बैठक आज, कई एजेंडों पर लग सकती है मुहर

Neelam
By Neelam
2 Min Read

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज यानी बुधवार को शाम पांच बजे मुख्य सचिवालय में कैबिनेट बैठक बुलाई है। इस बैठक की अध्यक्षता खुद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। बैठक में डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र यादव भी मौजूद रहेंगे। मंत्रिमंडल विस्तार से एक दिन पहले की यह बैठक खास होने वाली है।

लिए जा सकते हैं कई अहम फैसले

सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर अंतिम मुहर लग सकती है। इसमें इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार को लेकर कुछ महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर मुहर लगा सकते हैं। इस बैठक में दोनों उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव, मुख्य सचिव और सभी विभागों के सचिव मौजूद रहेंगे।

दूसरी बैठक में कुल 64 एजेंडों पर लगी थी मुहर

इससे पहले बीते बुधवार को सम्राट कैबिनेट की दूसरी बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में कई बड़े और महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। सम्राट कैबिनेट की दूसरी बैठक में कुल 64 एजेंडों पर मुहर लगी। सम्राट कैबिनेट कैबिनेट ने वित्त विभाग में साइबर ट्रेज़री की स्थापना को मंजूरी दी है, जिससे वित्तीय लेन-देन की प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी और डिजिटल होगी। वहीं स्वास्थ्य विभाग के तहत नर्सिंग ट्रेनिंग को बेहतर बनाने के लिए नर्सिंग नियमों में संशोधन को भी स्वीकृति दी गई। इसके अलावा कैंसर की रोकथाम के लिए 6 संविदा कर्मियों की नियुक्ति को भी मंजूरी मिली है।

22 अप्रैल को हुई थी पहली बैठक

बिहार में सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद 22 अप्रैल को कैबिनेट की पहली बैठक हुई थी। इस बैठक में कुल 22 प्रस्तावों की मंजूरी दी गई थी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में दोनों उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव और विजय चौधरी भी उपस्थित रहे थे। कैबिनेट की इस बैठक में महिला पुलिसकर्मियों के लिए 1500 स्कूटी खरीदने के लिए 18 करोड़ 75 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है, जबकि पुलिसकर्मियों के लिए 3200 मोटरसाइकिल खरीदने के लिए 48 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई थी।

Share This Article