वॉशिंगटन डीसी: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी स्थित हिल्टन होटल में शनिवार रात आयोजित व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब अचानक फायरिंग जैसी आवाजें सुनाई दीं। यह हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम था जिसमें डोनाल्ड ट्रंप के शामिल होने की संभावना थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बॉलरूम के ऊपर स्थित कमरे से 5 से 8 राउंड जैसी आवाजें सुनाई दीं। इसके तुरंत बाद सीक्रेट सर्विस के जवानों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए ट्रंप को मंच से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। देखते ही देखते पूरे बैंक्वेट हॉल में हड़कंप मच गया और सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को अपने कब्जे में ले लिया।
समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार, एक कैबिनेट सदस्य ने पुष्टि की कि कार्यक्रम के दौरान गोली चलने जैसी घटना हुई, हालांकि किसी के घायल होने की खबर नहीं है। सीक्रेट सर्विस ने संदिग्ध को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।
घटना के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने मेहमानों को टेबल के नीचे छिपने और सुरक्षित रहने के निर्देश दिए। हॉल में मौजूद सैकड़ों पत्रकारों और मेहमानों के बीच दहशत का माहौल बन गया। कांच टूटने और भारी बूटों की आवाजों के बीच लोग अपनी जान बचाने की कोशिश करते नजर आए।
इस बीच डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रूथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए सुरक्षा एजेंसियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि एजेंसियों ने बहादुरी और तेजी से कार्रवाई की, जिससे स्थिति को नियंत्रित किया जा सका। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि कार्यक्रम को आगे जारी रखने पर विचार किया जा रहा है, हालांकि अंतिम निर्णय सुरक्षा एजेंसियां लेंगी।
घटना के बाद पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और सुरक्षा एजेंसियां खतरे की प्रकृति की जांच में जुटी हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, जिससे बड़ी राहत की बात सामने आई है।

