जिले के उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने शुक्रवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य अस्पताल में चल रहे आधारभूत संरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का आकलन करना था।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
डीडीसी ने आपातकालीन सेवा, ओपीडी, पेयजल, स्वच्छता तथा बिजली व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया कि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता और डॉक्टरों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
सन्नी राज ने कहा कि सदर अस्पताल को जिले का सबसे सुलभ और आधुनिक चिकित्सा केंद्र बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अस्पताल में चल रहे सभी इंफ्रास्ट्रक्चर विकास कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएंगे।
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा, उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

