पूर्वी चंपारण में पुलिस ने कथित जाली नोट और ठगी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है।पुलिस ने कल्याणपुर थाना क्षेत्र के भोपतपुर गांव में देर रात छापेमारी कर चार संदिग्धों को हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान करीब एक करोड़ रुपये के कथित जाली नोट, 13 लाख रुपये नकद, 38 कथित सोने के बिस्किट और हथियार बरामद किया गया।
चार लोगों को हिरासत में लिया
मंगलवार देर रात पुलिस ने एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम देते हुए भोपतपुर निवासी सुलेमान अंसारी और इम्तियाज के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई, जहां से चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। इस दौरान पुलिस टीम ने कई घंटों तक अलग-अलग स्थानों पर तलाशी ली और संदिग्ध सामान को अपने कब्जे में लिया।
सोने के बिस्किट और नकली नोट जब्त
पुलिस सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान करीब एक करोड़ रुपये के संदिग्ध फर्जी नोट, 13 लाख रुपये नकद, 38 सोने के बिस्किट (फाइन व रोल गोल्ड), हथियार, कारतूस और एक वाहन बरामद होने की सूचना है। हालांकि पुलिस ने अभी तक बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सभी बरामद सामान की जांच की जा रही है और विशेषज्ञों की मदद से नोटों और सोने की वैधता की भी पड़ताल की जाएगी।
रकम तीन गुना करने का झांसा देकर ठगी
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरोह लोगों को कम समय में रकम तीन गुना करने का झांसा देकर ठगी करता था। पहले 5 हजार रुपये लेकर बदले में 15 हजार रुपये लौटाकर लोगों का भरोसा जीता जाता था। इसके बाद बड़ी रकम के लेन-देन में नोटों की गड्डी के ऊपर असली नोट और नीचे चिल्ड्रेन बैंक लिखे नकली नोट रखकर लाखों रुपये की ठगी की जाती थी।
पुलिस की वर्दी पहनकर लगाते थे चूना
जांच में एक और चौंकाने वाला पहलू सामने आया है। पुलिस को आशंका है कि गिरोह के कुछ सदस्य कथित तौर पर पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों से नकदी छीनते थे, ताकि उन पर किसी को शक न हो। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।

