रक्षाबंधन पर देवघर डाक मंडल की खास पहल, ₹70 में स्पीड पोस्ट से भेजें राखी; स्कूलों में होगी ‘राखी बनाओ और भेजो’ प्रतियोगिता

KK Sagar
4 Min Read

देवघर: रक्षाबंधन के पावन अवसर पर भारतीय डाक विभाग के बी. देवघर डाक मंडल ने भाई-बहन के अटूट रिश्ते को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से “राखी बनाओ और भेजो” अभियान शुरू किया है। इस पहल के तहत न केवल राखियों की सुरक्षित और समयबद्ध डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी, बल्कि स्कूली बच्चों को भारतीय डाक सेवा से जोड़ने के लिए विशेष प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। विभाग का संदेश है— “दूरी चाहे जितनी भी हो, किसी भी भाई की कलाई सूनी नहीं रहेगी।”

डाक अधीक्षक एस. के. विश्वा ने बताया कि हर वर्ष रक्षाबंधन के दौरान बड़ी संख्या में राखियां भेजी जाती हैं। इस बार नई पीढ़ी को पारंपरिक डाक व्यवस्था से परिचित कराने के लिए कई नई पहल की गई हैं, जिससे बच्चे स्वयं राखी बनाकर उसे स्पीड पोस्ट के माध्यम से अपने भाई तक भेज सकेंगे।

स्कूलों में होगी ‘राखी बनाओ और भेजो’ प्रतियोगिता

सरकारी और निजी विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए ‘राखी बनाओ और भेजो’ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। डाक विभाग की टीम विद्यालयों में पहुंचकर छात्रों को लिफाफे उपलब्ध कराएगी और वहीं से उनकी राखियां स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजी जाएंगी। इससे विद्यार्थियों को डाकघर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

प्रत्येक विद्यालय के 10 श्रेष्ठ प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र दिया जाएगा, जबकि पूरे बी. देवघर डाक मंडल से चयनित 10 सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थियों को डाक महाध्यक्ष द्वारा “महा पुरस्कार” से सम्मानित किया जाएगा।

₹70 में मिलेगा ऑल-इन-वन राखी पोस्ट पैकेज

डाक विभाग ने आम नागरिकों और विद्यार्थियों की सुविधा के लिए ₹70 का ऑल-इन-वन राखी पोस्ट पैकेज शुरू किया है। इस पैकेज के माध्यम से लोग आसानी और किफायती दर पर स्पीड पोस्ट से राखी भेज सकेंगे।

बारिश से बचाव के लिए जलरोधी लिफाफे

मानसून को देखते हुए राखियों की सुरक्षा के लिए विशेष वॉटरप्रूफ (जलरोधी) लिफाफों की व्यवस्था की गई है। ये लिफाफे बी. देवघर डाक मंडल के एक प्रधान डाकघर, 29 उप-डाकघर और 269 शाखा डाकघरों में उपलब्ध रहेंगे। साथ ही जिन दुकानों पर राखियां बेची जा रही हैं, वहां भी डाक विभाग अपने विशेष लिफाफे उपलब्ध कराएगा।

विशेष राखी काउंटर और दो दिन में डिलीवरी का लक्ष्य

रक्षाबंधन के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए देवघर प्रधान डाकघर, पालोजोरी, जामताड़ा, मधुपुर और सतसंग उप-डाकघरों में विशेष राखी काउंटर बनाए जाएंगे। विभाग ने झारखंड के भीतर स्पीड पोस्ट से भेजी गई राखियों को दो दिनों के भीतर गंतव्य तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए विशेष डिलीवरी टीमों का गठन भी किया गया है।

डाक अधीक्षक एस. के. विश्वा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि डाकघर केवल चिट्ठियां और पार्सल ही नहीं, बल्कि वर्षों से रिश्तों की मिठास भी लोगों तक पहुंचाता आया है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि इस रक्षाबंधन अपने बच्चों को हाथ से बनी राखी और पारंपरिक डाक व्यवस्था के अनुभव से अवश्य जोड़ें।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....