क्राइम पर फुल स्टॉप! अब बाजार से आसानी से नहीं खरीद पाएंगे चापड़ और चाकू, पुलिस ने खरीददार-दुकानदार दोनों के लिए बनाया यह कड़ा नियम

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और धारदार हथियारों से हमलों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने एक बड़ा और सख्त कदम उठाया है। अब कोई भी आम व्यक्ति बाजार जाकर आसानी से चापड़ या धारदार चाकू नहीं खरीद सकेगा। पुलिस ने इसकी बिक्री को लेकर एक बेहद सख्त मास्टर प्लान तैयार किया है, जिसके तहत दुकानदारों से लेकर खरीदारों तक पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

दुकानदारों को थाने में देना होगा आधार, मेंटेन करना होगा विशेष रजिस्टर
​नए नियमों के मुताबिक चापड़ और धारदार हथियार बेचने वाले हर दुकानदार को सबसे पहले अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन में जाकर अपना पूरा परिचय पत्र और आधार कार्ड जमा करना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही सभी दुकानदारों को एक विशेष रजिस्टर बनाना होगा, जिसमें चापड़ से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी दर्ज करनी होगी। कोई भी ग्राहक अगर चापड़ खरीदने आता है, तो दुकानदार को उससे खरीदे जाने का कारण पूछना होगा और उसकी पूरी डिटेल रजिस्टर में लिखनी होगी। बिना रिकॉर्ड के चापड़ या धारदार हथियार बेचते पाए जाने पर दुकानदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए पुलिस की टीमें बाजारों में औचक निरीक्षण भी करेंगी।

एसएसपी और सिटी एसपी के निर्देश पर ताबड़तोड़ छापेमारी
​एसएसपी एहतेशाम वकारिब के कड़े निर्देशों के बाद शहर के सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने इलाकों में चापड़ बेचने वाली दुकानों को चिन्हित करना शुरू कर दिया है। सिटी एसपी ललित मीना ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में चापड़ और चाकूबाजी की कई घटनाएं सामने आई हैं। इसे देखते हुए बीते तीन दिनों से चिन्हित दुकानों पर छापेमारी कर चापड़ जब्त किए जा रहे हैं और यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

उपायुक्त कार्यालय से जारी होगी नई गाइडलाइन
​सिटी एसपी ने आगे जानकारी दी कि जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर हथियारों की बिक्री को लेकर एक विस्तृत गाइडलाइन तैयार कर ली गई है, जिसे जल्द ही उपायुक्त कार्यालय से जारी किया जाएगा। इस गाइडलाइन में स्पष्ट रूप से बताया जाएगा कि दुकानदारों के लिए कौन से हथियार बेचना वैध है और कौन से अवैध। इसकी एक कॉपी प्रत्येक बाजार के प्रभारी को सौंपी जाएगी ताकि वे जमीनी स्तर पर इसकी निगरानी कर सकें।

Share This Article