खुशखबरी: जगन्नाथ रथयात्रा के लिए चलेंगी 5 स्पेशल ट्रेनें, टाटा-बक्सर एक्सप्रेस में भी बढ़ी सीटें, देखें पूरा शेड्यूल

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : ओडिशा के पुरी में होने वाली विश्व प्रसिद्ध जगन्नाथ रथयात्रा में जाने वाले श्रद्धालुओं और रेल यात्रियों के लिए दक्षिण-पूर्व रेलवे ने बड़ा तोहफा दिया है। रेलवे ने यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए 5 स्पेशल ट्रेनें चलाने की मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए भी एक अच्छी खबर आई है। हालांकि दूसरी ओर टाटानगर स्टेशन के रीडेवलपमेंट को लेकर होने वाली एक अहम बैठक टल गई है।

टाटानगर रेलवे स्टेशन से जुड़े अपडेट्स
पुरी रथयात्रा के लिए इन तारीखों पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
​श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे 15, 17, 23 और 25 जुलाई को स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। ये ट्रेनें चक्रधरपुर रेल मंडल और टाटानगर होकर गुजरेंगी।

शालिमार-पुरी-शालिमार रथयात्रा स्पेशल: यह ट्रेन शालिमार से शाम 6 बजे खुलेगी और अगले दिन सुबह 6 बजे पुरी पहुंचेगी। वापसी में यह पुरी से रात 12:30 बजे खुलकर दोपहर 1:30 बजे शालिमार पहुंचेगी।
राउरकेला-पुरी-राउरकेला स्पेशल: यह ट्रेन राउरकेला से शाम 7:40 बजे खुलकर अगले दिन सुबह 9:45 बजे पुरी पहुंचेगी। वापसी में पुरी से सुबह 3:00 बजे चलकर दोपहर 3:55 बजे राउरकेला पहुंचेगी।
बादामपहाड़-पुरी स्पेशल: यह ट्रेन भी इस रूट के यात्रियों को सीधा पुरी से जोड़ेगी।

टाटा-बक्सर एक्सप्रेस में बढ़ा स्लीपर कोच, वेटिंग लिस्ट से राहत
​बिहार (बक्सर) की तरफ यात्रा करने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। टाटा-बक्सर एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रियों की लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए रेलवे ने इसमें एक अतिरिक्त स्लीपर कोच जोड़ दिया है। पहले यहां एक अतिरिक्त जनरल डिब्बा जोड़ने की मांग हो रही थी, लेकिन यात्रियों की सहूलियत के लिए स्लीपर कोच बढ़ाया गया है, जिससे अब कंफर्म सीट मिलना आसान होगा।

जुगसलाई से स्टेशन की नई सड़क का काम तेज, अगस्त-सितंबर तक डेडलाइन
​टाटानगर स्टेशन के विस्तार को गति देने के लिए जुगसलाई संकटा सिंह पेट्रोल पंप से खासमहल जाने वाली पुरानी सड़क को बंद किया जा रहा है। इसके बदले युद्धस्तर पर नई सड़क का निर्माण चल रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि अगस्त के अंतिम सप्ताह या सितंबर तक नई सड़क पूरी तरह तैयार हो जाएगी। इसके बाद पुरानी सड़क की जमीन को टाटानगर स्टेशन परिसर में मिला लिया जाएगा, जिससे स्टेशन के विस्तार का काम और तेज हो सकेगा।

Share This Article