रांची में रिश्तों का खौफनाक मंज़र : मां की मौत के बाद कब्र से निकाला गया शव, मुंहबोली बेटी पर हत्या का आरोप

KK Sagar
2 Min Read

झारखंड की राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने इंसानी रिश्तों को ही कटघरे में खड़ा कर दिया है। डोरंडा कब्रिस्तान में उस वक्त सनसनी फैल गई जब मजिस्ट्रेट की निगरानी में पुलिस ने दफनाए गए शव को कब्र से बाहर निकलवाया।

मामला 50 वर्षीय नाहिद प्रवीण की संदिग्ध मौत से जुड़ा है। बीते शुक्रवार देर रात उनकी अचानक मौत हुई थी, जिसे उनकी मुंहबोली बेटी ने “गिरकर हुई मौत” बताया था। लेकिन जैसे ही अन्य परिजन पहुंचे, कहानी पर सवाल उठने लगे। परिजनों ने साफ कहा—यह हादसा नहीं, हत्या है।

शक गहराया तो पुलिस हरकत में आई। डोरंडा थाने में मामला दर्ज हुआ और जांच शुरू होते ही कई चौंकाने वाले सुराग सामने आए। पुलिस ने बिना देर किए मुख्य आरोपी मुंहबोली बेटी, उसके बॉयफ्रेंड और एक अन्य शख्स को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि बेटी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर मां की हत्या की साजिश रची।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र को खुदवाया गया और नाहिद प्रवीण के शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। अब हर किसी की नजर इस रिपोर्ट पर टिकी है, जो इस रहस्य से पर्दा उठाएगी कि आखिर उस रात क्या हुआ था।

फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है—क्या अब रिश्तों पर भी भरोसा करना मुश्किल होता जा रहा है?

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....