
लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के बाद पीएम मोदी ने पिछले 10 सालों का लेखा-जोखा देश के सामने रखा। साथ ही पीएम ने लोकसभा चुनाव में भाजपा और एनडीए कितनी सीटें जीतेगी, उसका भी सदन से एलान किया और तीसरे कार्यकाल में किस तरह के फैसले लिए जाएंगे, उसकी रूपरेखा भी बताई।
पीएम मोदी ने विपक्ष को परिवारवाद, भ्रष्टाचार समेत कई मुद्दों को लेकर खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने जो संकल्प लिया है, उसकी सराहना करता हूं, उनके भाषण की एक-एक बात से मेरा और देश का विश्वास पक्का हो गया है कि इन्होंने लंबे अरसे तक विपक्ष में रहने का संकल्प ले लिया है।
पीएम मोदी ने कहा कि जनता-जनार्दन तो ईश्वर का रूप होती है और आप लोग जिस तरह से इन दिनों मेहनत कर रहे हैं, मैं पक्का मानता हूं कि ईश्वर रूपी जनता-जनार्दन आपको पक्का आशीर्वाद देगी और आप अगले चुनाव में दर्शक दीर्घा में जरूर दिखेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने संसद में बोलते हुए कांग्रेस को परिवारवाद के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का विश्वास हमेशा एक परिवार पर रहा है। एक परिवार के आगे न कुछ सोच सकते हैं और न ही कुछ देख सकते हैं। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह का नाम लेते हुए परिवारवाद का जिक्र होने के मामले पर उन्होंने कहा कि अगर एक ही परिवार के 10 लोग अपनी काबिलियत से राजनीति में हैं तो वह परिवारवाद नहीं है। जब एक ही परिवार की अपनी पार्टी हो और उसका अपना ही कुनबा पार्टी पर राज करे वो परिवारवाद है। राजनाथ सिंह और अमित शाह में से किसी की अपनी पार्टी नहीं है।
पीएम ने कहा कि हमने अपने पहले कार्यकाल में यूपीए के समय के जो गड्ढे थे, उस गड्ढे को भरने काफी समय और शक्ति लगाई। दूसरे कार्यकाल में नए भारत की नींव रखी और तीसरे कार्यकाल में विकसित भारत के निर्माण को नई गति देंगे। पिछले 10 सालों का अनुभव, आज की मजबूत अर्थव्यवस्था और आज भारत जिस तीव्र गति से प्रगति कर रहा है, उसे देखते हुए मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि हमारे तीसरे कार्यकाल में भारत तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति होगा। ये मोदी की गारंटी है।
संसद में बोलते हुए पीएम ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिस कर्पूरी ठाकुर ने पूरा जीवन लोकतंत्र के सिद्धांतों के लिए, संविधान की मर्यादाओं के लिए खपा दिया, उनका अपमान करने का काम कांग्रेस पार्टी ने किया था। हमारी सरकार ने उन्हें सम्मान दिया
मोदी ने कहा कि अब हमारी सरकार का तीसरा कार्यकाल भी बहुत दूर नहीं है। 100-125 दिन बाकी हैं और पूरा देश कह रहा है- अबकी बार 400 पार। साल 2024 के लोकसभा चुनाव में NDA को तो 400 पार सीटें मिलेंगी ही, लेकिन देश, भाजपा को 370 सीटें अवश्य देगा
उन्होंने कहा कि पहले सदन का पूरा समय घोटालों, भ्रष्टाचार की चर्चा में जाता था। लगातार एक्शन की मांग होती थी, चारों तरफ सिर्फ भ्रष्टाचार की ही खबरें नजर आती थीं। आज जब भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई होती है, तो ये लोग उनके समर्थन में हंगामा करते हैं। पहले एजेंसियों को काम करने नहीं दिया जाता था। कांग्रेस के समय ईडी ने 5000 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की थी। हमारे कार्यकाल में ईडी ने एक लाख करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की। जिसने देश को लूटा है उसे लूटा हुआ माल लौटाना ही होता है।