बिहार के सबसे लोकप्रिय और यूथ आइकॉन माने जाने वाले आईपीएस विकास वैभव की मुख्यधारा की पुलिसिंग में धमाकेदार वापसी हुई है। राज्य सरकार ने उन्हें पुलिस महानिरीक्षक यानी आईजी मगध क्षेत्र बनाया है। विकास वैभव ने पदभार संभालते ही पुलिस व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है।
ये गलतियां कीं तो होगी कार्रवाई
करीब छह साल बाद दोबारा फील्ड पुलिसिंग में लौटे आईजी विकास वैभव ने साफ शब्दों में कहा है कि कानून के शासन से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी है कि एफआईआर दर्ज नहीं करने, अपराध की गंभीरता कम दिखाने, अवैध वसूली करने और शिकायतों के निष्पक्ष निपटारे में लापरवाही बरतने वाले थाना प्रभारियों पर तत्काल निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
आते ही एक्शन में आईजी विकास वैभव
आईजी विकास वैभव ने अपने संदेश में कहा कि पुलिस की पहली जिम्मेदारी कानून को पूरी निष्पक्षता और बिना किसी डर या पक्षपात के लागू करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी थाना प्रभारी की भूमिका प्रथम दृष्टया संदिग्ध पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी को तुरंत निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता को गुमराह करना, अपराध की जानकारी समय पर वरीय अधिकारियों तक नहीं पहुंचाना और पुलिसकर्मियों द्वारा अवैध वसूली जैसे मामलों में “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाई जाएगी।
पब्लिक-पुलिस संवाद कार्यक्रम की घोषणा
वहीं, आईजी ने जनता के बीच पुलिस की जगह बनाने के लिए एक नई पहल की है। उन्होंने निर्देश दिया है कि हर महीने के पहले शनिवार को थाना परिसर के बाहर किसी सार्वजनिक स्थान पर पब्लिक-पुलिस संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जहां आम नागरिक अपनी समस्याएं, सुझाव और शिकायतें सीधे पुलिस के सामने रख सकेंगे।
हर थाने में “सीनियर सिटिजंस सेल” बनाने का निर्देश
इसके अलावा, मगध रेंज के सभी थानों में बुजुर्गों की सहायता और उनसे नियमित संवाद के लिए एक सीनियर सिटीजन सेल भी स्थापित किया जाएगा। इसका उद्देश्य बुजुर्गों की समस्याओं का नियमित समाधान करना होगा।
रात में होगा थानों का औचक निरीक्षण
आईजी ने कहा कि पुलिस थानों का रात के समय औचक निरीक्षण किया जाएगा। लॉकअप की जांच कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कहीं कोई अवैध हिरासत या अवैध वसूली जैसी गतिविधि तो नहीं चल रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ-साथ जवानों के कल्याण और मनोबल को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। नए आईजी के इस सख्त और स्पष्ट संदेश के बाद मगध प्रक्षेत्र के पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।

