डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में गर्मी से राहत का दौर शुरू हो गया है। रविवार को हुई बूंदाबांदी के बाद आज सोमवार से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। मौसम विभाग ने ताजा बुलेटिन जारी करते हुए शहर में 11 मई से 16 मई तक लगातार बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है।
अगले 5 दिन कैसा रहेगा हाल?
मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक आसमान में बादलों का डेरा रहेगा। आज यानी 11 मई से लेकर 16 मई तक रुक-रुक कर बारिश होने के आसार हैं। विशेष रूप से 12 मई तक के लिए ‘येलो अलर्ट‘ जारी किया गया है, जिसका मतलब है कि तेज हवाओं और गर्जना के साथ अचानक बौछारें पड़ सकती हैं।
पारा गिरा: सामान्य से 7 डिग्री नीचे पहुंचा तापमान
रविवार को हुई ठंडी हवाओं और बूंदाबांदी का असर आज के तापमान पर साफ दिख रहा है।
अधिकतम तापमान: 31.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
न्यूनतम तापमान: 19.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है।
हैरानी की बात यह है कि यह न्यूनतम तापमान सामान्य से 7.4 डिग्री सेल्सियस कम है, जिससे मई की तपती गर्मी के बीच लोगों को सिहरन और ठंडक का अहसास हो रहा है।
सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सलाह दी है कि गर्जना के समय पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास न खड़े हों। तेज हवाओं के साथ छिटपुट बारिश होने से शहर के निचले हिस्सों में जलजमाव की स्थिति भी बन सकती है, लेकिन खेती और आम जनजीवन के लिए यह बारिश बड़ी राहत लेकर आई है।

