बिहार से जुड़े शुभेंदु अधिकारी के PA हत्याकांड के तार, बंगाल एसटीएफ ने बक्सर से एक को किया गिरफ्तार

Neelam
By Neelam
3 Min Read

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की सनसनीखेज हत्या के तार बिहार से जुड़ते दिख रहे हैं। चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच कर रही पश्चिम बंगाल एसटीएफ ने बिहार में दबिश दी। पश्चिम बंगाल एसटीएफ की टीम ने बक्सर से एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी को हिरासत में लिया है।

हिस्ट्रीशीटर अपराधी विशाल श्रीवास्तव गिरफ्तार

बंगाल एसटीएफ ने बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित पांडेयपट्टी में छापेमारी की। यहां से हिस्ट्रीशीटर अपराधी विशाल श्रीवास्तव को हिरासत में लेकर टीम अपने साथ पश्चिम बंगाल ले गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की कड़ियां विशाल से जुड़ती नजर आ रही हैं। एसटीएफ को संदेह है कि इस हत्याकांड की साजिश या इसके एग्जिक्यूशन से जुड़े महत्वपूर्ण राज विशाल के पास हो सकते हैं। 

गिरफ्तारी के बाद कोलकाता ले गई एसटीएफ

बंगाल एसटीएफ की एक विशेष टीम ने सोमवार को बिहार के बक्सर जिले में स्थानीय पुलिस के सहयोग से बड़ी छापेमारी की। इस दौरान मुफस्सिल थाना अंतर्गत पांडेयपट्टी इलाके से कुख्यात अपराधी विशाल श्रीवास्तव को दबोच लिया गया। एसटीएफ की टीम विशाल को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए सीधे कोलकाता रवाना हो गई है।

जिले की ‘टॉप-10’ अपराधियों की सूची में विशाल श्रीवास्तव

विशाल श्रीवास्तव बक्सर जिले का एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर और मोस्ट वांटेड अपराधी है, जिसका नाम जिले की ‘टॉप-10’ अपराधियों की सूची में शामिल रहा है। विशाल लंबे समय से पुलिस की रडार पर था और कई वारदातों में उसकी तलाश की जा रही थी। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, विशाल श्रीवास्तव के खिलाफ हत्या और लूट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। उस पर ‘आर्म्स एक्ट’ के तहत भी दर्जनों मुकदमे चल रहे हैं।

क्या है चंद्रनाथ रथ हत्याकांड?

चंद्रनाथ रथ पश्चिम बंगाल के नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी और पीए थे। 6 मई 2026 की रात चंद्रनाथ रथ पर मोटरसाइकिल पर सवार अज्ञात हमलावरों ने घात लगाकर हमला कर दिया था। हमलावरों ने उनकी गाड़ी को घेरकर करीब 10 राउंड फायरिंग की थी, जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।

Share This Article