October 1, 2023

Mirrormedia

Jharkhand no.1 hindi news provider

कृष्ण भक्ति से सराबोर लौहनगरी, हर ओर नंदलाल के जयकारे की गूंज, लोगों में गजब का उत्साह

1 min read

जमशेदपुर : लौहनगरी में जन्माष्टमी की धूम है। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर शहर के मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया है। मंदिरों की विद्युत सज्जा लोगों को आकर्षित कर रही है। वहीं भगवान श्रीकृष्ण का श्रृंगार लोगों का मन मोह रहीं है। जन्माष्टमी का यह उत्सव हर बार की तरह इस बार भी दो दिन मनाया जा रहा है। तिथि को लेकर लोगों में थोड़ा असमंजस रहा। लेकिन इन सब के बीच कुछ जगहों पर लोगों ने कल ही जन्माष्टमी का त्योहार मनाया। तो कई जगहों पर लोग आज नंदगोपाल का जन्मदिवस मना रहे है।

मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन और पूजन के लिए काफी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है। लोगों में इस त्योहार को लेकर काफी उत्साह है। बच्चें-बड़े सभी मंदिर पहुंच रहे है। घरों में भी यह उत्सव बहुत ही धूम-धाम से मनाया जा रहा है। आधी रात को कृष्ण लला सभी मंदिरों, घरों में पूजा-पाठ, मंत्रोच्चार के साथ पधारे।

रात के 12 बजते ही ‘नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की, जय यशोदा लाल की….’ के भजनों से वातावरण कृष्ण भक्ति से सराबोर हो उठा। घंटा-घड़ियाल वातावरण में देर तक गूंजता रहा। कृष्ण जन्म होते ही लोगों ने श्रीकृष्ण के बालरूप का अभिषेक करने के बाद उन्हें झूले में विराजमान कराया और आरती की।

बुधवार की शाम शहर के मानगो राधाकृष्ण मंदिर में लोगों की बड़ी भीड़ दिखी। वहीं रिफ्यूजी कॉलोनी राधा-कृष्णा मंदिर और साकची शीतला मंदिर में भी भक्तों का तांता लगा रहा।

सभी मंदिरों में रात 9 बजे से ही विशेष पूजा-भजन का आयोजन शुरू कर दिया गया था। 12 बजने से कुछ सेकेंड पहले ही भगवान के जन्म लेने की धार्मिक मान्यता के अनुसार शंख बजाए गए। घंटियों, घंटों और आतिशबाजी के बीच भगवान का जन्म हुआ। शहर के सभी मंदिर वृंदावन बिहारी, बांकेलाल के जयकारे से गूंज गए।


Share this news with your family and friends...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.