JEE Advanced 2026: 17 मई को दो शिफ्ट में होगी परीक्षा, सेंटर पर जाने से पहले पढ़ लें ये जरूरी नियम

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : IIT रुड़की ने JEE एडवांस्ड 2026 के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी अब आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को अपना रजिस्ट्रेशन नंबर, जन्मतिथि और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा।

महत्वपूर्ण तिथियां और समय
देशभर के 23 IIT संस्थानों में दाखिले के लिए यह परीक्षा 17 मई को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली (पेपर-1) सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी पाली (पेपर-2) दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलेगी। परीक्षार्थियों के लिए दोनों पेपर में शामिल होना अनिवार्य है।

परीक्षा केंद्र और रिपोर्टिंग
उम्मीदवारों को सुबह 7:00 बजे परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा। ध्यान रहे कि सुबह 8:30 बजे के बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सेंटर पर एडमिट कार्ड के साथ एक वैध फोटो पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड, पासपोर्ट, पैन कार्ड या स्कूल आईडी) ले जाना अनिवार्य है।

जमशेदपुर का हाल
जमशेदपुर शहर में इस बार परीक्षा के लिए तीन प्रमुख केंद्र बनाए गए हैं। गोविंद विद्यालय तामोलिया, क्रिएटिव कंप्यूटर, डिमना रोड (मानगो), जयश्री इंफोटेक, एमजीएम मेडिकल कॉलेज के पास। इन केंद्रों पर शहर और आसपास के जिलों के करीब 300 प्रतिभाशाली छात्र शामिल होंगे।

एग्जाम पैटर्न
IIT रुड़की ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के पैटर्न में कोई बदलाव नहीं किया गया है। प्रश्न पत्र का स्वरूप पिछले वर्षों की तरह ही रहेगा, जिसमें फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स से बहुविकल्पीय और संख्यात्मक प्रश्न पूछे जाएंगे। इस साल JEE मेन के रिजल्ट के आधार पर देशभर के टॉप 2.5 लाख छात्र इस परीक्षा में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

Share This Article