बिहार में शराबबंदी कानून लागू है। कानून को पालन कराने की जिम्मेदारी जिन पुलिसकर्मियों के कंधों पर है, वही अब कटघरे में हैं। गोपालगंज पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पुलिसकर्मियों को शराब की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है।
लग्जरी कार से शराब की तस्करी
गोपालगंज पुलिस ने लग्जरी कार से शराब की तस्करी करते दो पुलिसकर्मियों को दबोचा है। पकड़े गए जवानों के पास से 300 लीटर से ज्यादा विदेशी शराब बरामद हुई है।
विधायक का बॉडीगार्ड और एसपी ऑफिस का जवान आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। इनमें से एक राहुल कुमार है, जो पुलिस अधीक्षक (एसपी) के टेक्निकल सेल में तैनात था। वहीं, दूसरा आरोपी अमित कुमार सत्ताधारी दल जेडीयू के विधायक मंजीत सिंह का सरकारी बॉडीगार्ड है।
वाहन तलाशी के दौरान गिरफ्तार
बताया जा रहा है कि गोपालपुर पुलिस कल देर रात यूपी से बिहार आने वाले वाहनों की तलाशी ले रही थी। इसी दौरान रात करीब 12:30 बजे एक निजी ब्रेजा कार को रोका गया। सदर एसडीपीओ प्रांजल के मुताबिक, अमित कुमार विधायक आवास की ड्यूटी छोड़कर राहुल के साथ यूपी से शराब की खेप लाने गया था। बिहार सीमा में घुसते ही पुलिस चेकिंग के दौरान दोनों धरे गए। सदर एसडीपीओ प्रांजल ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
क्या बोले विधायक मंजीत सिंह
इस मामले पर विधायक मंजीत सिंह ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि अमित कुमार की गतिविधियां पिछले कुछ समय से संदिग्ध लग रही थीं। उन्होंने दावा किया कि चार दिन पहले ही विभाग को पत्र लिखकर उसे सुरक्षा ड्यूटी से हटाने की अनुशंसा की गई थी। हालांकि समय रहते कार्रवाई नहीं हो सकी और अब वह शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार हुआ है।
गिरफ्तारी के बाद तत्काल प्रभाव से सस्पेंड
गोपालगंज पुलिस ने गिरफ्तार दोनों जवानों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वर्दी की आड़ में अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। वही उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी है।

