बरवाडीह में खुलेगा केंद्रीय विद्यालय, रेलवे और केंद्रीय विद्यालय संगठन के बीच हुआ ऐतिहासिक समझौता

KK Sagar
2 Min Read

बरवाडीह। पूर्व मध्य रेल के धनबाद मंडल ने दूरस्थ और कम शैक्षिक सुविधाओं वाले क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए बरवाडीह में केंद्रीय विद्यालय खोलने का रास्ता साफ कर दिया है। इसी क्रम में रेलवे प्रशासन और केंद्रीय विद्यालय संगठन के बीच विद्यालय स्थापना को लेकर महत्वपूर्ण अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए।

इस समझौते के साथ ही बरवाडीह में केंद्रीय विद्यालय के संचालन और भविष्य में इसके स्थायी विकास के लिए आवश्यक संस्थागत एवं प्रशासनिक प्रक्रिया औपचारिक रूप से पूरी हो गई है। रेलवे प्रशासन द्वारा विद्यालय के दीर्घकालिक संचालन के लिए 35 वर्षों की लीज पर 9.686 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी पहले ही पूरी की जा चुकी है। इससे विद्यालय भवन निर्माण का मार्ग पूरी तरह प्रशस्त हो गया है।

जानकारी के अनुसार, विद्यालय के शीघ्र संचालन को लेकर केंद्रीय विद्यालय संगठन ने आवश्यक प्रक्रियाएं शुरू कर दी हैं। प्रारंभिक चरण में स्कूल का संचालन रेलवे के उपलब्ध भवन में अस्थायी रूप से किया जाएगा। इसके लिए रेलवे प्रशासन द्वारा सुरक्षा मानकों, अग्निशमन व्यवस्था और अन्य आधारभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है।

इस पहल से बरवाडीह एवं आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अब गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में इस निर्णय को लेकर खुशी और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी सुरेश चन्द्र श्रीवास्तव तथा धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र के मार्गदर्शन में इस परियोजना की सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की गईं।

धनबाद मंडल का यह प्रयास केवल रेलवे कर्मचारियों के कल्याण तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्रीय सामाजिक विकास और शैक्षिक उन्नयन की दिशा में भी मील का पत्थर साबित होगा। आने वाले समय में यह विद्यालय क्षेत्र के बच्चों के लिए बेहतर शिक्षा और नए अवसरों का केंद्र बनेगा।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....