धनबाद। जिले के गोल्डेन पहाड़ी स्थित लोदना एरिया-10 में एक गरीब दुकानदार की दुकान पर जबरन OB Dump किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित दुकानदार अजीत कुमार श्रीवास्तव ने आरोप लगाया है कि 20 मई की दोपहर अति देव प्रभा आउटसोर्सिंग प्रबंधन और BCCL प्रबंधन की कथित मिलीभगत से उनकी दुकान को मलबे से ढक दिया गया, जिससे उनका रोजगार पूरी तरह प्रभावित हो गया।
पीड़ित का कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना, मुआवजा या वैकल्पिक दुकान उपलब्ध कराए उनकी दुकान पर OB Dump कर दिया गया। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2025 में BCCL की ओर से प्रमाण पत्र जारी कर यह आश्वासन दिया गया था कि कर्माटांड़ क्षेत्र में दुकान आवंटन में उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी, लेकिन अब तक उन्हें कोई दुकान उपलब्ध नहीं कराई गई।
घटना के बाद पीड़ित ने धनबाद के वरीय पुलिस अधिकारियों से मदद की गुहार लगाई। आरोप है कि उन्हें यह कहकर टाल दिया गया कि यह BCCL का मामला है। कई बार डायल 112 पर कॉल करने के बाद तिसरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन स्थिति का जायजा लेकर वापस लौट गई। पीड़ित का आरोप है कि आवेदन देने की बात पर भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
अजीत कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि उन्होंने इस मामले को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में 10 से अधिक बार शिकायत दर्ज कराई, साथ ही कोयला मंत्रालय, केंद्रीय कोयला मंत्री और BCCL अधिकारियों को ईमेल के माध्यम से जानकारी दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधियों से लेकर प्रशासन तक सभी जगह केवल आश्वासन मिला, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, BCCL प्रबंधन, झारखंड सरकार और केंद्र सरकार से न्याय, उचित मुआवजा और तत्काल पुनर्वास की मांग की है।

