पटना के चर्चित यूट्यूबर फैजल खान उर्फ खान सर की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। पहले ही फायरिंग केस मामला दर्ज होने के बाद से खान सर लापता हैं, वहीं दूसरी तरफ उनकी खान ग्लोबल स्टडीज इंस्टीट्यूट पर बंद होने का खतरा मंडरा रहा है। बिहार फायर सर्विस की जांच में उनके संस्थान में अग्निशमन मानकों की भारी अनदेखी सामने आई है।
15 दिन का अल्टीमेटम
बिहार अग्निशमन सेवा की जांच में खान ग्लोबल स्टडीज परिसर में फायर सेफ्टी से जुड़े कई गंभीर कमियां सामने आई हैं। जिसके बाद अधिकारियों ने संस्थान को 15 दिनों के भीतर सभी खामियां दूर करने का निर्देश दिया है। चेतावनी दी गई है कि तय समय के भीतर मानकों का पालन नहीं हुआ तो संस्थान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है, जिसमें संचालन पर रोक भी शामिल है।
पटना के कई अस्पताल और होटलों पर होगी कार्रवाई
देश की राजधानी दिल्ली और बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में हुए भीषण अग्निकांडों के बाद अग्निशमन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में पटना में नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। कंकड़बाग का एडवांस पटना सेंट्रल अस्पताल, राजेंद्र नगर का आरोग्य वरदान और पिनाकल अस्पताल, अशोक नगर का श्यामा ट्रस्ट और एपेक्स अस्पताल सील करने के आदेश दिए गए हैं। सुरक्षा मानकों को पूरा नहीं करने वाले पटना के तीन बड़े होटलों को भी सील करने का निर्देश जारी हुआ है।
पहले भी कोचिंग संस्थान को मिल चुका है नोटिस
डीआईजी ने बताया कि कोचिंग संस्थान को पहले ही नोटिस दिया जा चुका है। पूर्व में एसडीओ के साथ मिलकर जांच भी की गई थी। उस समय कई खामियां सामने आई थीं। अब दोबारा जांच में भी गंभीर लापरवाही पाई गई है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि नियम पूरे नहीं हुए तो सख्त कदम उठाया जाएगा।
पहले से कानूनी विवादों में घिरे खान सर
बता दें कि पहले की खान सर कोचिंग संस्थान पर हुए मामले में फरार चल रहे हैं। दरअसल, 2 जून को मुसल्लहपुर हाट इलाके में खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर बवाल हुआ था। खान सर ने तब आरोप लगाया था कि छात्रों से बेहद कम फीस लेने के कारण दूसरे कोचिंग संचालक उनसे रंजिश रखते हैं और ज्ञान बिंदु एकेडमी के मालिक उन्हें धमकियां दे रहे थे। पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस पूरे मामले में नाटकीय मोड़ तब आया जब ज्ञान बिंदु एकेडमी की तरफ से घटना के दिन का एक वीडियो सार्वजनिक किया गया। इस वीडियो में खान सर के दो निजी सुरक्षा गार्ड खुलेआम हवाई फायरिंग करते हुए दिखाई दे रहे थे। इसके बाद सुरक्षा गार्ड के बयान पर खान सर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। तभी से खान सर पुलिस की पकड़ से बाहर बताए जा रहे हैं।

