भोजपुरी फिल्म स्टार और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता खेसारी लाल यादव ने पटना में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की है। इस बैठक के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी मौजूद रहे। खेसारी लाल यादव की भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ हुई इस मुलाकात ने राज्य के सियासी पारे को बढ़ाने का काम किया है।
नितिन नवीन के जन्मदिन के बहाने मुलाकात
बिहार की सियासत में भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मुलाकात ने नया सियासी हलचल मचा दी है। खेसारी लाल राष्ट्रीय जनता दल के टिकट पर बिहार विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। उन्होंने छपरा से विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें बीजेपी उम्मीदवार ने हरा दिया था। चुनाव के दौरान खेसारी लाल यादव ने प्रचार के समय बीजेपी नेताओं से लेकर राम मंदिर तक पर कई बयान दिए थे। जिसके बाद बीजेपी ने भी जमकर खेसारी लाल यादव पर निशाना साधा था। अब चुनाव हारने के बाद से खेसारी लाल ने नितिन नवीन के जन्मदिन के बहाने पटना स्थित आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की।
क्या ये महज शिष्टाचार मुलाकात है?
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहले से ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मिलने के लिए उनके आवास पर पहुंचे हुए थे। इसी दौरान भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव भी वहां आ पहुंचे। आवास पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की मौजूदगी ने इस बैठक को और खास बना दिया। हालांकि, खेसारी लाल यादव ने इसे एक शिष्टाचार मुलाकात बताया है।
खेसारी लाल ने जमकर की नितिन नवीन की तारीफ
नितिन नवीन से मुलाकात के बाद जब खेसारी लाल यादव बाहर निकले तो मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि बिहार का एक बेटा पूरे हिंदुस्तान का नेतृत्व कर रहा है। यह हमारे लिए गौरव की बात है। मैं किसी पार्टी का नहीं, बल्कि एक कलाकार होने के नाते मुझे इस बात की खुशी है कि पूरे हिंदुस्तान के गौरव हैं, नवीन भैया। एक इंसान होने के नाते हम सबको बधाई देना चाहिए। अगर कोई बिहार का आदमी बड़े लेवल पर जाता है तो हम सबको उसके साथ रहना चाहिए।
बीजेपी में जाने की अटकलों पर क्या बोले खेसारी?
बीजेपी में जाने के सवाल पर खेसारी यादव ने कहा कि मैं किसी पार्टी में नहीं जा रहा हूं। मैं आरजेडी में था, हूं और आगे भी रहूंगा। उन्होंने सभी अटकलों को खारिज करते हुए साफ किया कि वह किसी राजनीतिक लाभ के लिए वहां नहीं गए थे, बल्कि यह सिर्फ एक व्यक्तिगत और शिष्टाचार भेंट थी।
क्या बदलने वाले हैं राजनीतिक समीकरणों?
वहीं, पश्चिम बंगाल चुनाव में विजय बाद अब बीजेपी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों का ब्लूप्रिंट तेज कर दिया है. ऐसे समय में बिहार की राजधानी पटना में भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव की बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ हुई मुलाकात ने सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। खासकर तब, जब बीजेपी उत्तर प्रदेश और पूर्वांचल की राजनीति में भोजपुरी चेहरों को लगातार मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। ऐसे में यह मुलाकात महज शिष्टाचार है या आने वाले बड़े राजनीतिक समीकरणों की शुरुआत, इस पर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

