बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के राजनीतिक माहौल के बीच भोजपुरी फिल्म अभिनेता खेसारी लाल यादव ने जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर से प्रत्याशी प्रशांत किशोर का खुलकर समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति का समर्थन करने से ज्यादा जरूरी है कि जनता यह देखे कि उम्मीदवार कितना बेहतर है और उसके पास विकास को लेकर क्या सोच है।
प्रशांत किशोर के पास बिहार के भविष्य के लिए विजन और रोडमैप-खेसारी लाल
भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने जन सुराज पार्टी के संस्थापक और बांकीपुर से उम्मीदवार प्रशांत किशोर का समर्थन करते हुए उन्हें बिहार के विकास के लिए सबसे उपयुक्त व्यक्ति बताया। उन्होंने कहा कि, मुझे प्रशांत भैया हमेशा से पसंद रहे हैं क्योंकि वह पढ़े-लिखे हैं। मुझे लगता है कि विधानसभा में एक आदमी ऐसा चाहिए, जो जनता की और हमारे बच्चों की लड़ाई लड़े। जो युवाओं की रोजी-रोजगार की लड़ाई लड़े। मेरा मानना है कि हम सभी को एक अच्छे इंसान को चुनना चाहिए। प्रशांत किशोर के पास बिहार के भविष्य के लिए एक पूरा विजन और रोडमैप है।
शिक्षित लोग सदन जाएं- खेसारी लाल
खेसारी लाल यादव ने खुद को कम पढ़ा-लिखा बताते हुए कहा कि उनकी इच्छा है कि अधिक से अधिक शिक्षित लोग विधानसभा और संसद तक पहुंचें। उनका मानना है कि पढ़े-लिखे जनप्रतिनिधि बेहतर नीतियां और फैसले ले सकते हैं, जिसका लाभ पूरे समाज को मिलेगा। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए योग्य और समझदार नेतृत्व का चुनाव जरूरी है।
प्रशांत किशोर जैसे पढ़े-लिखे इंसान को मौका देकर देखिए-खेसारी लाल
खेसारी लाल ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आपने अब तक कई लोगों को मौका दिया है, तो इस बार प्रशांत किशोर जैसे पढ़े-लिखे इंसान को भी मौका देकर देखिए। शायद परिणाम बेहतर हों। नेता को बदलने से पहले हमें खुद को बदलना होगा। यह फैसला अगले पांच साल और हमारे बच्चों के भविष्य का है।

