पटना के बांकीपुर विधानसभा सीट को लेकर सियासी माहौल गर्म है। इस बीच पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव और जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर और सोशल मीडिया की राजनीति को लेकर तीखे बयान दिए हैं। पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने प्रशांत किशोर के बांकीपुर उपचुनाव लड़ने का विरोध किया और पीके को बिहार का दूसरा नटवरलाल बताया।
प्रशांत किशोर पर धोखाधड़ी से करोड़ों-अरबों कमाने का आरोप
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि बड़े-बड़े टेंट लगाकर लंबे भाषण देने और धनबल के सहारे राजनीति करने से जनता का भरोसा नहीं जीता जा सकता। उन्होंने दावा किया कि प्रशांत किशोर ने धोखाधड़ी करके करोड़ों-अरबों रुपए कमाए हैं और उन्हें बिहार का दूसरा नटवरलाल बताया। साथ ही कहा कि ऐसे लोगों की राजनीति में कोई जगह नहीं होनी चाहिए।
भाजपा जीतती है तो धनबल बड़ी वजह- पप्पू यादव
बांकीपुर उपचुनाव के मुकाबले का जिक्र करते हुए पप्पू यादव ने कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल के बीच सीधा मुकाबला होता है और भाजपा जीतती है तो इसके पीछे सरकार का समर्थन और धनबल बड़ी वजह होगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जो लोग पहले बिहार या बांकीपुर के लोगों के लिए आगे नहीं आए, वे अब चुनाव लड़ने का दावा कर रहे हैं।
शिंदे को महाराष्ट्र का सीएम बना देना चाहिए- पप्पू यादव
वहीं, महाराष्ट्र की राजनीति पर प्रतिक्रिया देते हुए पप्पू यादव ने उद्धव ठाकरे गुट के छह सांसदों के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल होने को लेकर कहा कि यदि शिंदे इतने प्रभावशाली नेता बन गए हैं तो भारतीय जनता पार्टी को बिना किसी हिचकिचाहट के उन्हें मुख्यमंत्री बना देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र की जनता भी एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है।

