सांसद विष्णु दयाल राम की पहल रंग लाई, शाहपुर–गढ़वा सड़क के 17.44 किमी हिस्से के सुधार कार्य को मिली मंजूरी

Reena Sharma
3 Min Read

जर्जर सड़क से राहत की उम्मीद अब हुई मजबूत, गढ़वा जिला सीमा से शाहपुर चौक तक करीब 17.44 किलोमीटर सड़क के निर्माण एवं उन्नयन के लिए सांसद पलामू श्री विष्णु दयाल राम लगातार प्रयासरत थे। गढ़वा–शाहपुर सड़क के गढ़वा जिला सीमा तक करीब 13 किलोमीटर हिस्से का निर्माण कार्य पहले ही पूरा हो चुका है।

क्षेत्र की बदहाल सड़क को लेकर सांसद ने लगातार उठाई आवाज, श्री विष्णु दयाल राम ने झारखंड सरकार के पथ निर्माण विभाग के सचिव श्री सुनील कुमार से पत्राचार करने के साथ व्यक्तिगत मुलाकात भी की थी। उन्होंने क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़क के जल्द जीर्णोद्धार और निर्माण कार्य शुरू कराने का अनुरोध किया था।

लगातार प्रयासों का असर अब सरकारी मंजूरी के रूप में सामने आया है। पथ निर्माण विभाग ने गढ़वा–शाहपुर पथ के चैनज 13.00 किलोमीटर से 30.44 किलोमीटर तक कुल 17.44 किलोमीटर सड़क के सुधार कार्य को Riding Quality Improvement Programme (IRQP) के तहत मंजूरी दी है। इस परियोजना के लिए ₹13 करोड़ 71 लाख 10 हजार 600 की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।

सड़क निर्माण की दिशा में अगला कदम भी शुरू हो चुका है। इस कार्य की निविदा प्रकाशित की जा चुकी है। निविदा प्रक्रिया पूरी होने और उसके निष्पादन के बाद जल्द ही सड़क सुधार एवं निर्माण कार्य धरातल पर शुरू किए जाने की उम्मीद है।

सड़क सुधरने से हजारों लोगों के सफर को मिलेगी नई सुविधा, गढ़वा–शाहपुर मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। सड़क के दुरुस्त होने से गढ़वा, पलामू और आसपास के इलाकों के लोगों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में विकास और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है।

सड़क और बुनियादी सुविधाओं के विकास को लेकर सांसद ने अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। श्री विष्णु दयाल राम ने कहा कि पलामू संसदीय क्षेत्र में बेहतर सड़क एवं बुनियादी सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। विकास कार्यों को गति देने के लिए संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है और जनहित से जुड़े कार्यों को धरातल पर उतारने के लिए वे प्रतिबद्ध हैं।

Share This Article