सीएम पद छोड़ने के बाद पहली बार जेडीयू ऑफिस पहुंचे नीतीश, कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार आज जनता दल यूनाइडेट (जेडीयू) ऑफिस पहुंचे। मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद नीतीश कुमार पहली बार जेडीयू कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी नेताओं से मुलाकात की और भामाशाह जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का हिस्सा बने।

सीएम पद छोड़ने के 12 दिन बाद पहुंचे जदयू दफ्तर

भामाशाह जयंती के अवसर पर हर साल की तरह इस बार भी एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जदयू दफ्तर में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नीतीश कुमार भी पहुंचे थे। बिहार के सीएम पद से त्यागपत्र लेने के 12 दिन बाद नीतीश कुमार जदयू दफ्तर पहुंचे थे।

खुद पर बने गाने पर नीतीश ने बजाई ताली

नीतीश कुमार के समर्थकों ने जमकर उनके समर्थन में नारेबाजी की। इसी बीच कुछ कार्यकर्ताओं ने नीतीश कुमार पर बनाए गए गीतों को बजाया। इन गीतों को सुनकर नीतीश कुमार ताली बजाने लगे और मंच पर बैठे लोगों से ताली बजवाई। नीतीश कुमार के साथ दोनों डिप्टी सीएम विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव भी मौजूद थे।

नीतीश कुमार ने दिए पांच संदेश

कार्यक्रम के दौरान जदयू कार्यालय में एक पंपलेट भी बांटा गया। इसमें भामाशाह के परिचय के अलावा नीतीश कुमार का संदेश भी लिखा था। इसमें नीतीश कुमार के हवाले से लिखा गया था कि मैं काम करता हूं, मेरा काम ही बोलता है। राजनीति सेवा के लिए है, मेवा के लिए नहीं। न्याय के साथ विकास यानी हर क्षेत्र और हर तबके का विकास। आधे मन से कोई बड़ा काम नहीं होता है। बिहार को मैं उस ऊंचाई पर ले जाना चाहता हूं, जहां से चाहकर कोई भी नीचे नहीं जा सकता है।

कार्यक्रम के बाद उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने क्या कहा?

जेडीयू ऑफिस में कार्यक्रम के बाद बाहर निकलने पर डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा, पार्टी के व्यवसायिक प्रकोष्ठ की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, उसी में भाग लेने नीतीश कुमार आए थे। वो पार्टी दफ्तर आते रहते हैं और कार्यकर्ताओं से मिलते रहते हैं।

Share This Article