बिहार की राजनीति में एक अहम तस्वीर सामने आई है। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार आज अचानक प्रदेश के ने मुखिया सम्राट चौधरी से मुलाकात करने उनके 5, देशरत्न मार्ग स्थित आवास पहुंचे। ये मुलाकात तकरीबन 20 मिनट चली। मुलाकात की जो तस्वीरें सामने आईं हैं, उसमें नीतीश मुस्कुराते दिख रहे हैं। उन्होंने सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रखा। वहीं, सम्राट दोनों हाथ जोड़कर दिख रहे हैं।
नीतीश कुमार खुद पहुंचे सम्राट से मिलने
15 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद यह पहली बार है जब सम्राट चौधरी और नीतीश कुमार आमने-सामने मिले। शनिवार की सुबह पूर्व सीएम नीतीश कुमार का काफिला निकला और सीधे 5 देशरत्न मार्ग स्थित सीएम वास पहुंचा। गाड़ी में उनके साथ डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी भी थे। इसके बाद नीतीश कुमार सम्राट चौधरी से मिले।
शपथ ग्रहण के बाद सम्राट चौधरी पहुंचे थे मिलने
इससे पहले सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद नीतीश कुमार से एक अणे मार्ग में जाकर मुलाकात की थी। इसके बाद सम्राट चौधरी ने बीजेपी के वरिष्ठ नेता सीपी ठाकुर समेत कई और नेताओं से जाकर उनका आशीर्वाद लिया था। ये पहला मौका है जब उनके सीएम बनने के बाद सम्राट से मिलने के लिए नीतीश कुमार खुद पहुंचे।
सम्राट बोले-पूर्व मुख्यमंत्री से मार्गदर्शन प्राप्त किया
मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस मुलाकात की तस्वीरें सम्राट चौधरी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर साझा कीं। तस्वीरों में नीतीश कुमार सहज और प्रसन्न नजर आए। यहां तक कि उन्होंने सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रखकर आत्मीयता भी दिखाई। सम्राट चौधरी ने पोस्ट में लिखा कि उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
बिहार सरकार ने कहा- औपचारिक मुलाकात
बिहार सरकार के सूचना विभाग ने सिर्फ औपचारिक मुलाकात होने की जानकारी दी है। इस बैठक में डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी भी मौजूद थे। हालांकि दूसरे डिप्टी सीएम बिजेंद्र प्रसाद यादव नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी के साथ मौजूद नहीं थे।

