बांसजोड़ा गोलीकांड में एक की मौत: 3 FIR दर्ज, आजसू नेत्री रजनी समेत 9 गिरफ्तार

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद के लोयाबाद थाना क्षेत्र स्थित बांसजोड़ा बस्ती में कोयला रंजिश को लेकर बुधवार को हुए खूनी संघर्ष ने गुरुवार को और गंभीर रूप ले लिया। फायरिंग की घटना में घायल किशुन रवानी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि विष्णु प्रमाणिक का इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस लगातार कार्रवाई में जुटी है।

ग्रामीण एसपी ने प्रेस वार्ता कर बताया कि इस मामले में दोनों पक्षों की लिखित शिकायत और लोयाबाद थाना के पुलिस पदाधिकारी के बयान के आधार पर कुल तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पुलिस ने घटनास्थल से 06 क्षतिग्रस्त चारपहिया वाहन, एक देशी पिस्टल और 03 जिंदा गोली बरामद की है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में 09 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में आजसू नेत्री रजनी रवानी भी शामिल हैं। इसके अलावा राजेश कुमार महतो, धर्मेन्द्र महतो, मेराज अंसारी, अमित महतो, करण यादव, जितेन्द्र कुमार सिंह उर्फ आयुष, कुंदन सिंह और सुनील कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है।

वहीं मामले में नामजद आरोपी हीरालाल महतो फिलहाल फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

घटना के बाद बांसजोड़ा और आसपास के इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....