कोयला बना काल! मुनीडीह वाशरी में धंसान से 4 मजदूरों की दर्दनाक मौत

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद के मुनीडीह स्थित BCCL कोल वाशरी में शनिवार को हुए दर्दनाक हादसे ने चार परिवारों की खुशियां एक झटके में छीन लीं। काम के दौरान अचानक कोयला स्लरी धंस गई और चार मजदूर उसकी चपेट में आ गए। कुछ ही पलों में वहां अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। प्रशासन को सूचना दी गई और टीम मौके पर पहुंची, लेकिन जब तक मलबा हटाकर चारों मजदूरों को बाहर निकाला गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सभी की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान प्रेम बाउरी, माणिक बाउरी, दीपक बाउरी और नारायण यादव के रूप में हुई है। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

सुरक्षा पर बड़ा सवाल!

इस हादसे ने एक बार फिर खनन क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और मजदूरों का कहना है कि सुरक्षा मानकों की लगातार अनदेखी की जा रही है और काम के दौरान जरूरी सावधानियां नहीं बरती जातीं, जिसके कारण इस तरह की घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं। परिजनों ने भी BCCL प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

गुस्से में मजदूर, सड़क पर प्रदर्शन

घटना के बाद गुस्साए मजदूरों ने शव को रखकर BCCL के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया है और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मौके पर तनाव का माहौल बना हुआ है।

जांच शुरू

वहीं प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। अब देखना होगा कि इस हादसे के बाद क्या जिम्मेदारों पर कार्रवाई होती है या फिर यह मामला भी अन्य घटनाओं की तरह फाइलों में सिमट कर रह जाएगा।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....