डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले में अब कानून का खौफ साफ दिखने लगा है। पुलिस कप्तान मनोज स्वर्गीयारी के अल्टीमेटम के बाद मंगलवार सुबह से ही आदित्यपुर पुलिस एक्शन मोड में नजर आई। सुबह 10 बजे से शुरू हुए इस मेगा ऑपरेशन ने इलाके के ड्रग पेडलर्स, जुआरियों और आवारा किस्म के तत्वों के पसीने छुड़ा दिए हैं।
बस्तियों की घेराबंदी, वांछितों की तलाश
थाना प्रभारी के नेतृत्व में निकली भारी पुलिस फोर्स ने राम मढ़ैया बस्ती, मुस्लिम बस्ती और इमली चौक जैसे ‘हाई-रिस्क’ इलाकों को अचानक चारों तरफ से घेर लिया। एनडीपीएस एक्ट के तहत लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहे फरार आरोपियों की तलाश में घर-घर खंगाल डाले गए। पुलिस की इस सरप्राइज एंट्री से इलाके के नशा माफिया में अफरा-तफरी मच गई।
सड़कों पर बाइक दस्ते का सख्त पहरा
एक तरफ जहां बस्तियों में छापेमारी चल रही थी, वहीं दूसरी तरफ पुलिस के स्पेशल बाइक स्क्वाड ने सड़कों की कमान संभाल रखी थी। पार्कों, सार्वजनिक चौराहों और शराब दुकानों के बाहर बेवजह जमावड़ा लगाने वाले मनचलों की पुलिस ने जमकर क्लास ली। हिदायत देकर भगाए जाने के साथ ही संदिग्ध रूप से मंडरा रहे लोगों से कड़ी पूछताछ की गई।
जुए के अड्डे का भंडाफोड़, भारी नकदी के साथ कई हिरासत में
इस बड़े सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस के हाथ बड़ी सफलता भी लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एक अवैध जुए के अड्डे पर धावा बोलकर मौके से भारी मात्रा में कैश जब्त किया है। वहीं ताश के पत्तों और पैसों की बाजी लगा रहे कई संदिग्धों को पुलिस उठाकर थाने ले आई है, जिनसे गहन पूछताछ जारी है।
इलाके में जारी है पुलिस की सफाई
थाना प्रभारी ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि आदित्यपुर में नशे का कारोबार, जुआ और लफंगेबाजी किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस अभियान के खत्म होने तक कई और बड़े चेहरों पर कानून का शिकंजा कस सकता है।

