बिहार में जारी ही पुलिस का ‘ऑपरेशन लंगड़ा’, अब खगड़िया में 50 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में घायल

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का एक्शन जारी है। कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस अपराधियों के खिलाफ ताबड़तोड़ ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ चला रही है। इसी क्रम में खगड़िया में पुलिस और मोस्ट वांटेड बदमाशों के बीच सीधी मुठभेड़ हुई है। खगड़िया के बेलदौर थाना क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पैर में गोली मारकर दबोच लिया।

मुठभेड़ में मोहम्मद बुद्दीन घायल

बेलदौर थाना क्षेत्र के सुखाय बासा इलाके में एसटीएफ और खगड़िया पुलिस की संयुक्त टीम अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। मुठभेड़ में मोहम्मद बुद्दीन घायल हो गया। आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जिसके बाद उसे इलाज के लिए खगड़िया सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

50 हजार रुपये का इनामी

पुलिस के मुताबिक मोहम्मद बुद्दीन पर हत्या, लूट और रंगदारी समेत 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पहले 50 हजार रुपये का इनामी अपराधी भी रह चुका है। पुलिस के अनुसार, बुद्दीन जिले के 10 कुख्यात अपराधियों की सूची में शामिल है।

पुलिस ने क्या कहा ?

पुलिस अधीक्षक (एसपी) राकेश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार देर रात करीब दो बजे बेलदौर थाना क्षेत्र की दिघौन पंचायत के सुखायबासा गांव में कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष कार्य बल (एसटीएफ), जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) और बेलदौर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से इलाके की घेराबंदी की लेकिन पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही वह कथित तौर पर गोलीबारी करते हुए भागने लगा। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया।

अपराधियों पर एक्शन के लिए पुलिस को पूरी आजादी

बिहार सरकार राज्य से अपराध को जड़ से खत्म करने के लिए बेहद सख्त रुख अख्तियार किए हुए है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पुलिस बल को साफ निर्देश दिया है कि अपराधियों बख्शा नहीं जाएगा। किसी भी बड़ी वारदात के 48 घंटे के भीतर अपराधियों को मुंहतोड़ जवाब मिलना चाहिए। बिहार सरकार की तरफ से कड़े एक्शन के लिए पुलिस अधिकारियों को पूरी आजादी दी गई है।

Share This Article