डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया:राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को फिजी के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से किया गया सम्मानित:
भारतीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रविवार को राष्ट्रपति रातू विलियम मैवालिली काटोनिवेरे के निमंत्रण पर फिजी की तीन दिवसीय यात्रा पर पहुंचीं हैं। जहां फिजी के राष्ट्रपति रातू विलियम मैवालिली काटोनिवेरे द्वारा मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ऑर्डर ऑफ फिजी’ से सम्मानित किया गया है। इसकी जानकारी विदेश मंत्रालय ने दी।
फिजी में राष्ट्रपति मुर्मू का गर्मजोशी से हुआ स्वागत
राष्ट्रपति मंगलवार सुबह सुवा पहुंचीं, उनके आगमन पर फिजी सैन्य पुलिस द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया ।जिसके बाद प्रधानमंत्री की मौजूदगी में पारंपरिक स्वागत किया गया। वहीं हवाई अड्डे से रास्ते में सैकड़ों स्कूली बच्चों ने राष्ट्रपति का अभिवादन किया।
राष्ट्रपति मुर्मू ने फिजी की संसद को किया संबोधित
राष्ट्रपति मुर्मु ने दक्षिण प्रशांत राष्ट्र की अपनी यात्रा के दौरान फिजी की संसद को भी संबोधित किया। उन्होंने वहां भारतीय समुदाय के साथ संक्षिप्त बातचीत भी की।
वहीं,राष्ट्रपति की फिजी की राजकीय यात्रा की जानकारी देते हुए विदेश मंत्रालय ने कहा कि फिजी के राष्ट्रपति ने हमारी राष्ट्रपति को ‘द ऑर्डर ऑफ फिजी’ से सम्मानित किया, जिसकी राष्ट्रपति ने बहुत सराहना की। उन्होंने फिजी की संसद को भी संबोधित किया। राष्ट्रपति ने सुवा में सामुदायिक बातचीत की।
फिजी के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति से की मुलाकात
इस दौरान राष्ट्रपति मुर्मू ने फिजी के प्रधानमंत्री सीटिवेनी राबुका तथा फिजी के राष्ट्रपति रातू विलियम मैवालिली काटोनीवेरे से भी मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने के लिए विभिन्न मुद्दों पर बात हुई|
यहां पढ़े अन्य खबरें–
- खबरें और भी हैं mirrormedia.co.in पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं, आप हमसे जुड़ सकते हैं Facebook, Instagram, X अपने सुझाव या खबरें हमें mirrormedia2019@gmail.com पर भेजें।