धनबाद – मालगाड़ी से कोयला उड़ाने वाले गैंग पर RPF का शिकंजा, 200 किलो कोयला बरामद

KK Sagar
3 Min Read

धनबाद में RPF का एक्शन, 200 किलो रेलवे का कच्चा कोयला बरामद; एक गिरफ्तार, 9 आरोपी फरार

धनबाद: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) धनबाद पोस्ट और CIB धनबाद की संयुक्त टीम ने रेलवे के कच्चे कोयले की चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से करीब 200 किलोग्राम कच्चा कोयला (चार बोरी) बरामद किया गया है। बरामद कोयले की अनुमानित कीमत करीब 2,000 रुपये बताई गई है।

RPF के अनुसार, रविवार (5 जुलाई) को बसेरिया-बांसजोड़ा के बीच रेलवे ट्रैक से करीब 100 मीटर दूर छापेमारी के दौरान एक व्यक्ति को चार बोरियों में भरे कच्चे कोयले के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मालगाड़ियों के सुनसान स्थानों या होम सिग्नल पर रुकने का इंतजार करता था। इसके बाद सभी लोग मालगाड़ी पर चढ़कर कोयला उतारते और बोरी में भरकर राहगीरों को बेच देते थे।

आरोपी ने यह भी बताया कि 16 जून 2026 को कुसुंडा होम सिग्नल के पास रुकी एक मालगाड़ी से उसने नौ अन्य साथियों के साथ कोयला उतारकर झाड़ियों में छिपा दिया था। हालांकि, उस समय RPF की लगातार गश्ती के कारण वे चोरी का कोयला वहां से नहीं ले जा सके थे।

बरामद कोयले को चोरी की रेलवे संपत्ति मानते हुए RPF ने उसे जब्त कर लिया। इस मामले में उप निरीक्षक मनीषा कुमारी की लिखित शिकायत पर रेसुब पोस्ट धनबाद कांड संख्या 18/26 के तहत रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम की धारा 3 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच की जिम्मेदारी उप निरीक्षक पालिक मिंज को सौंपी गई है।

गिरफ्तार आरोपी चंदन यादव उर्फ चंदन कुमार (25 वर्ष), निवासी बसेरिया नंबर-4, थाना गोंदुडीह, धनबाद को रेलवे न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस ने इस मामले में 9 अन्य आरोपियों को भी नामजद किया है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं था।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....