धनबाद में RTE एडमिशन प्रक्रिया पारदर्शी: अब जियो-टैग फोटो और पता सत्यापन अनिवार्य

KK Sagar
3 Min Read

धनबाद। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीपीएल कोटा के तहत निजी स्कूलों में एडमिशन प्रक्रिया को इस बार पूरी तरह पारदर्शी बनाया गया है। जिला प्रशासन के निर्देश पर अब आवेदन सिर्फ ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे और फर्जीवाड़ा रोकने के लिए सख्त नियम लागू किए गए हैं।

ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य, 30 मई तक मौका

एडमिशन के लिए अभिभावकों को rtedhanbad.in वेबसाइट पर 6 मई से 30 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा। सभी आवेदन डिजिटल माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे और इसकी जिला स्तर पर जांच होगी।

जियो-टैग फोटो और पता सत्यापन जरूरी

इस बार आवेदन प्रक्रिया में सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अभ्यर्थियों को अपने घर के बाहर की जियो-टैग तस्वीर लोकेशन के साथ अपलोड करनी होगी।

साथ ही, संबंधित वार्ड पार्षद या पंचायत मुखिया से घर के पते का सत्यापन कराना अनिवार्य होगा। इसके लिए एक निर्धारित फॉर्मेट वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगा, जिसे भरकर अपलोड करना होगा।

गलत जानकारी पर सख्त कार्रवाई

बीपीएल कोटा में आवेदन करने वाले अभिभावकों को सही जानकारी देने का एफिडेविट भी जमा करना होगा। यदि कोई आवेदक गलत जानकारी देता है, तो उसका आवेदन रद्द कर दिया जाएगा और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

83 स्कूलों में 1537 सीटों पर एडमिशन

जिले के सभी मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों (अल्पसंख्यक स्कूलों को छोड़कर) में बीपीएल कोटा के तहत 25% सीटों पर नामांकन होगा।

इसमें कुल 83 स्कूलों में 1537 सीटें शामिल हैं।

क्लास के अनुसार सीटों का बंटवारा

नर्सरी / एलकेजी: 938 सीट

यूकेजी: 272 सीट

कक्षा 1: 327 सीट

घर-घर जाकर होगा सत्यापन

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी आवेदनों का फिजिकल वेरिफिकेशन घर-घर जाकर किया जाएगा। अगर आवेदन में दी गई जानकारी गलत पाई जाती है, तो उसी स्तर पर आवेदन रोक दिया जाएगा।

पूरी प्रक्रिया पर प्रशासन की नजर

जिला शिक्षा विभाग ने बताया कि पूरी एडमिशन प्रक्रिया की निगरानी जिला स्तर पर की जाएगी ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे। वेबसाइट पर एडमिशन से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....