मुजफ्फरपुर में फेसबुक पोस्ट पर बवाल, भड़के बीजेपी विधायक समर्थकों संग युवक के घर पहुंचे, जमकर हुआ बवाल

Neelam
By Neelam
3 Min Read

मुजफ्फरपुर में सोशल मीडिया पोस्ट से बिहार की राजनीति गर्म हो गई है। सोशल मीडिया पर विधायक के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। अपने खिलाफ टिप्पणी से भड़के नगर विधायक रंजन कुमार अपने समर्थकों के साथ उस युवक के घर पहुंच गए। जहां दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

विधायक के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट से बढ़ा विवाद

पूरा मामला नगर विधायक के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट किए जाने से जुड़ा है। विधायक की शिकायत पर जिले के अलग-अलग थानों में दो युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। विधायक ने आरोप लगाया था कि कन्हौली निवासी मुकुंद कुमार और पताही जगन्नाथ निवासी ठाकुर दिव्य प्रकाश लगातार फेसबुक के माध्यम से उनकी छवि खराब करने और विधानसभा क्षेत्र-94 को लेकर भ्रामक पोस्ट कर रहे थे।

विधायक को दी AK-47 से ‘भून देने’ की धमकी

विधायक के अनुसार, हाल के दिनों में उनकी तस्वीर लगाकर चरित्र हनन का प्रयास भी किया गया। पुलिस को दिए आवेदन में कहा था कि कई बार समझाने के बावजूद आरोपी सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालते रहे। इसी सिलसिले में वह अपने समर्थकों और स्थानीय लोगों के साथ आरोपी के घर पूछताछ करने गए थे। वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ आए समर्थकों के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने खुद को AK-47 मामले में जेल जा चुका बताते हुए दोबारा ‘भून देने’ की धमकी दी।

विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ FIR

दूसरी तरफ युवक मुकुंद कुमार ने भी पुलिस को आवेदन देकर विधायक और उनके समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक का कहना है कि विधायक करीब 50 से 60 समर्थकों के साथ उसके घर पहुंचे थे। आरोप है कि समर्थकों ने उसके साथ मारपीट की और दबाव बनाने की कोशिश की। युवक ने खुद को निर्दोष बताया है। आवेदन में कहा गया है कि आरोपियों ने लाठी-डंडे और हाथ-मुक्के से हमला किया, बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के लोगों को भी हथियार दिखाकर धमकाया गया। इतना ही नहीं, परिवार का मोबाइल फोन छीनकर तोड़ देने और पूरे घर में दहशत फैलाने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के दौरान उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई और पूरा परिवार भयभीत है।

Share This Article