पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार बिहार में स्वास्थ्य मंत्री का पदभार संभाल रहे हैं। राजनीति में एंट्री के बाद से ही निशांत लगातार चर्चाओं में बने हुए हैं। इस बीच कभी प्रशांत किशोर के जन सुराज पार्टी के मंच पर पीला गमछा धारण करने वाली अक्षरा सिंह ने निशांत कुमार से मुलाकात की।
अक्षरा सिंह ने दी मंत्री बनने पर शुभकामनाएं
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से भोजपुरी सिनेमा सिनेमा की सुपर स्टार एक्ट्रेस अक्षरा सिंह ने उनके निवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। मंत्री पद की कमान संभालने के बाद अक्षरा सिंह ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस मुलाकात की तस्वीरें खुद मंत्री निशांत कुमार ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा कीं।
निशांत कुमार ने पोस्ट की मुलाकात की तस्वीर
इस मुलाकात की जानकारी खुद निशांत कुमार ने सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने लिखा कि बिहार की बेटी और भोजपुरी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री अक्षरा सिंह से उनके आवास पर सौजन्य मुलाकात हुई। साथ ही उन्होंने कहा कि बिहार की तरक्की और बिहारी भाषाओं की फिल्मों को आगे बढ़ाने को लेकर सार्थक चर्चा हुई।
बिहार की संस्कृति और कला को बढ़ावा देने पर चर्चा
मुलाकात के दौरान बिहार की संस्कृति, कला और युवा शक्ति के सशक्तिकरण पर चर्चा हुई। अक्षरा सिंह ने बिहार की गौरवशाली विरासत और क्षेत्रीय भाषाओं को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दिलाने के विषय पर भी मंत्री से अपने विचार साझा किए।
बिहार में फिल्म इंडस्ट्री को मजबूत करने पर जोर
बातचीत के दौरान भोजपुरी इंडस्ट्री की मौजूदा स्थिति और बिहार में फिल्म निर्माण के बेहतर माहौल पर खास जोर दिया गया। अक्षरा सिंह ने कहा कि भोजपुरी सिनेमा अब सिर्फ बिहार और यूपी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि देश और विदेशों में भी अपनी अलग पहचान बना चुका है। हालांकि इंडस्ट्री को अभी भी मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और सरकारी सहयोग की जरूरत है।

