डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: शहर में लगातार बढ़ रही चेन छिनतई की वारदातों पर लगाम लगाने के लिए जमशेदपुर पुलिस अब पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस ने न सिर्फ वारदात के महज 40 मिनट के भीतर शातिर अपराधियों को दबोचा, बल्कि दुस्साहस दिखाने पर एक आरोपी का हाफ एनकाउंटर भी कर दिया। पकड़े गए बदमाशों के पास से पुलिस ने एक पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घायल अपराधी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मॉर्निंग और इवनिंग वॉक करने वाले थे निशाने पर
जानकारी के अनुसार जमशेदपुर में पिछले कुछ दिनों से वॉक पर निकलने वाली महिलाएं लगातार लुटेरों के निशाने पर थी। सोमवार की शाम को भी टेल्को के मनीष पार्क (घड़ी पार्क) में बिरसानगर की रहने वाली 55 वर्षीय बसंती देवी इवनिंग वॉक कर रही थी, तभी पल्सर सवार दो बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए।
40 मिनट का हाई-वोल्टेज चेज और गिरफ्तारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत घेराबंदी शुरू कर दी। वारदात के ठीक 40 मिनट बाद सिदगोड़ा रोड नंबर 28 के पास पुलिस ने बाइक सवार बदमाशों को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस की जीप ने जैसे ही बदमाशों को ओवरटेक किया, उनकी पल्सर बाइक नाली में जा गिरी। बाइक के नीचे पैर दबने की वजह से पुलिस ने मौके पर ही एक बदमाश को दबोच लिया। वहीं बाइक पर पीछे बैठा दूसरा बदमाश पुलिस पर दो राउंड फायरिंग करते हुए जैप-6 कैंपस की तरफ भाग निकला, जिसे बाद में पुलिस टीम ने दौड़ाकर पकड़ लिया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान हरपाल उर्फ गबरू और मनप्रीत सिंह रिशू के रूप में हुई है।
हथियार बरामदगी के दौरान फिल्मी ड्रामा: SI की पिस्टल छीनी
असली ड्रामा देर रात तब शुरू हुआ जब सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अहमद के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी हरपाल उर्फ गबरू को लेकर हथियार बरामदगी के लिए सिदगोड़ा टाउन हॉल के पास स्थित एक शौचालय के पास पहुंची। मौका पाकर गबरू ने वहां मौजूद एसआई सुशांत सुंडी की सर्विस पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर अंधाधुंध तीन राउंड फायरिंग कर दी। इस जानलेवा हमले में एसआई सुशांत सुंडी और अन्य पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
टाइगर मोबाइल के जवान ने लिया त्वरित एक्शन
स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस टीम में शामिल टाइगर मोबाइल के जवान शम्स तबरेज ने तुरंत मोर्चा संभाला। उन्होंने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी के पैर पर गोली मार दी। गोली लगते ही आरोपी गबरू जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे दोबारा अपनी कस्टडी में ले लिया।

