झारखण्ड: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत शुक्रवार से हो गई है। यह सत्र दो मार्च के तक निर्धारित की गई है।
बजट सत्र के पहले दिन चंपई सोरेन की सरकार के वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने चालू वित्तीय वर्ष का तृतीय अनुपूरक बजट पेश किया। वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने 4981 करोड़ 03 लाख रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया। सोमवार को वाद – विवाद के बाद इसे पारित कराया जाएगा।
वहीं, सदन की कार्यवाही शुरू होने के पहले विधानसभा परिसर में भाजपा विधायकों ने जेएसएससी पेपर लीक मामले में जमकर हंगामा किया।भाजपा विधायकों ने सरकार विरोधी नारे लगाए, आसन के समक्ष पहुंचकर भी हंगामा किया। नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी ने कहा कि स्नातक स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के सारे अभ्यर्थी आंदोलन कर रहे हैं। राज्य सरकार ने कदाचार रोकने के लिए हाल ही में कानून बनाया है। इसके बाद भी इतनी बड़ी चोरी हो गई। लाख – लाख रुपये में प्रश्नपत्र बिके हैं। सरकार इसकी सीबीआई जांच कराए।
विपक्ष को जवाब देते हुए जेएमएम विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि पेपर लीक की यह पहली घटना नहीं है। देश में यह 43वीं घटना है। उत्तर प्रदेश की बुलडोजर सरकार में भी ऐसा हुआ है। इसमें बड़ा गिरोह काम कर रहा है। निश्चित रूप से इसमें कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। लेकिन ये (भाजपा) किसान आंदोलन पर चुप हैं। इस विधानसभा से प्रस्ताव पास होना चाहिए कि सदन किसानों के साथ है।