बांकीपुर से तेज प्रताप यादव की पार्टी प्रत्याशी वीणा मानवी गिरफ्तार, जानें क्या है वजह?

Neelam
By Neelam
3 Min Read

लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल ने वीणा मानवी को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में अपना उम्मीदवार बनाया था। आज नामांकन के आखरी दिन वीणा मानवी ने पर्चा दाखिल किया। जिसके तुरंत बाद ही उन्हें हिरासत में ले लिया गया है। वीणा मानवी एक सामाजिक कार्यकर्ता हैं।

धोखाधड़ी के मामले में वीणा मानवी गिरफ्तार

जनशक्ति जनता दल की उम्मीदवार वीणा मानवी के नामांकन भरने के तुरंत बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक वीणा मानवी को 420 (धोखाधड़ी) के एक मामले में गिरफ्तार किया गया है। नामांकन के बाद वीणा मानवी नाराज होकर बाहर निकलीं। उन्होंने कहा कि पुलिस उन्हें वारंट का हवाला देकर गिरफ्तार कर रही है। हालांकि किस मामले में वारंट जारी हुआ है, इसकी जानकारी उन्हें नहीं दी गई। वीणा मानवी ने अपनी गिरफ्तारी को विरोधियों की साजिश बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें चुनाव लड़ने से रोकने की कोशिश की जा रही है।

तेज प्रताप ने एक्स पर जारी किया वीडियो बयान

तेज प्रताप यादव ने एक्स पर अपना वीडियो बयान जारी करते हुए कहा है कि वे दिल्ली में हैं। वीणा मावनी की गिरफ्तारी को उन्होंने साजिश बताया है। तेज प्रपात ने कहा, हम दिल्ली में हैं… हम जल्द बिहार आ रहे हैं। हम बिहार आएंगे तो सरकार का घेराव करेंगे। बांकीपुर की जनता सब कुछ देख रही है कि किस तरह से एक महिला के साथ अन्याय किया जा रहा है। तेज प्रताप यादव ने कहा, महिला के साथ जब अन्याय होता है तो कृष्ण का सुदर्शन चक्र चलता है। अब बिहार आने के बाद मेरा सुदर्शन चक्र चलेगा।

तेज प्रताप ने लगाया झूठे मामले में फंसाने का आरोप

इस मामले में तेज प्रताप यादव ने कहा, हमारी पार्टी की प्रत्याशी वीणा मानवी जी के विरुद्ध नामांकन के दिन की गई कार्रवाई पर हमें गंभीर आपत्ति है। हमारा मानना है कि उन्हें झूठे मामले में फंसाने और उनकी चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया गया है। यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए अत्यंत चिंताजनक है। तेज प्रताप यादव ने कहा कि वे वीणा मानवी के साथ पूरी मजबूती से खड़ा हैं।और आवश्यकता पड़ने पर न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाएंगे।

आज नामांकन का आखिरी दिन

बता दें कि बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए आज नामांकन का आखिरी दिन है। इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा। मतगणना 3 अगस्त को होगी. बीजेपी ने नीरज सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है। जनसुराज से प्रशांत किशोर और राजद से रेखा गुप्ता मैदान में हैं। इस चुनाव में बीजेपी और जनसुराज के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही है। यह सीट बीजेपी नेता नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी।

Share This Article