धनबाद: जिले में अपराधियों का मनोबल किस कदर बढ़ चुका है, इसका अंदाजा सरायढेला थाना क्षेत्र में हुई ताजा घटना से लगाया जा सकता है। देर रात अज्ञात बदमाशों ने प्रेमसन होंडा सर्विस सेंटर के समीप रहने वाले व्यवसायी सुरेन्द्र अग्रवाल के घर को निशाना बनाते हुए बम फेंक दिया। अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोग घरों से बाहर निकल आए।
सबसे राहत की बात यह रही कि अपराधियों द्वारा फेंका गया बम फटा नहीं, वरना घनी आबादी वाले इलाके में बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद आसपास के लोगों में डर और गुस्से का माहौल है। लोगों का कहना है कि मुख्य सड़क किनारे इस तरह की वारदात होना अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस को दिखाता है।
सूचना मिलते ही सरायढेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने संदिग्ध बम को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है। वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
घटना की गंभीरता को देखते हुए धनबाद विधायक राज सिन्हा भी मौके पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से पूरी जानकारी ली। उन्होंने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि लगातार हो रही घटनाएं कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही हैं।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2010 में भी सुरेन्द्र अग्रवाल के घर पर बड़ी डकैती की घटना हो चुकी है। अब दोबारा उनके घर को निशाना बनाए जाने से इलाके के व्यवसायियों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात में पुलिस गश्ती बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

