बिहार में पटना समेत 6 जिलों में होगा ब्लैकआउट, सायरन बजते ही बंद हो जाएगी बिजली

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार में नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एक बड़ी मॉकड्रिल आयोजित की जाएगी। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार, मई के तीसरे हफ्ते में राजधानी पटना समेत राज्य के छह प्रमुख जिलों में हवाई हमले और ब्लैकआउट (अंधेरा छाने) की स्थिति का अभ्यास करने के लिए एक मॉक ड्रिल किया जाएगा।

इन 6 जिलों में होगा मॉकड्रिल

आपदा प्रबंधन विभाग ने इस विशेष मॉक ड्रिल के लिए बिहार के छह महत्वपूर्ण जिलों का चयन किया है। जिन जिलों में यह ड्रिल होगा उसमें पटना, बेगूसराय, किशनगंज, पूर्णिया, अररिया और कटिहार शामिल हैं। गुरुवार को आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इन जिलों के जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ तैयारियों के स्तर की समीक्षा की।

निर्धारित समय पर एक साथ बजेंगे सायरन

नागरिक सुरक्षा निदेशालय को इस मॉक ड्रिल के सफल संचालन के लिए नोडल एजेंसी के रूप में नामित किया गया है। इसकी तैयारियों को लेकर गुरुवार को बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई इस बैठक में चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि नागरिक सुरक्षा को लेकर केंद्र सरकार के निर्देश के अनुसार वर्ष में कम से कम दो बार अर्द्धवार्षिक मॉकड्रिल का आयोजन किया जाना है। पिछले अभ्यास में पटना सहित दूसरे कई जिलों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। उन्होंने बताया कि निर्धारित तिथि और समय पर एक साथ सायरन बजेंगे।

सायरन के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम का उपयोग

मॉक ड्रिल के दौरान सायरन बजना सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन तैयारी में जुटा हुआ है। सायरन की चेतावनी हर तरफ पहुंचे यह सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख चौराहों और तिराहों पर लगे पब्लिक एड्रेस सिस्टम का उपयोग किया जाएगा। इसके अतिरिक्त स्थानीय पुलिस थानों और अग्निशमन दस्तों के वाहनों पर लगे सायरन का भी उपयोग किया जाएगा। ब्लैकआउट चरण की सफलता सुनिश्चित करने के लिए जिला अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित समय पर बिजली आपूर्ति के प्रभावी प्रबंधन को सुगम बनाने के लिए बिजली विभाग के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखें।

Share This Article