​लौहनगरी या अपराध नगरी? जमशेदपुर में लगातार हो रही चापड़बाजी से सहमे शहरवासी, अब टेल्को में वारदात

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: लौहनगरी में चापड़बाजों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शहर में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी और चापड़बाजी की घटनाओं के बीच बुधवार देर रात अपराधियों ने टेल्को थाना क्षेत्र में एक और दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे डाली। जिले में नए वरीय पुलिस अधीक्षक के पदभार संभालते ही अपराधियों ने तार कंपनी रोड पर एक युवक पर चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर उसका पर्स लूट लिया। लहूलुहान स्थिति में युवक को टाटा मेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घात लगाकर बैठे थे अपराधी, रोकने पर सीधे हाथों पर किया वार
​पीड़ित की पहचान बिरसानगर जोन नंबर-1 बी निवासी अशीम बनर्जी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार असीम बुधवार देर रात करीब 12 बजे मानगो से बाइक द्वारा अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तार कंपनी रोड पर बाइक सवार तीन अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। असीम ने जब लूटपाट का विरोध किया, तो अपराधियों ने उन पर चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया। अपनी जान बचाने के लिए असीम ने जैसे ही हाथ आगे बढ़ाए, अपराधियों ने उनके दोनों हाथों को चापड़ से बेरहमी से गोद डाला। वारदात के बाद अपराधी उनका पर्स छीनकर आराम से फरार हो गए।

चिकित्सकों की चिंता: TMH के डॉक्टरों के मुताबिक चापड़ के वार से असीम के दोनों हाथों की नसें और मांसपेशियां बुरी तरह कट चुकी हैं। उन्हें बचाने के लिए प्लास्टिक सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है।

शहर में क्यों नहीं रुक रही चापड़बाजी? जनता में खौफ
​यह वारदात केवल एक लूटपाट की घटना नहीं है, बल्कि यह जमशेदपुर की चरमराती कानून-व्यवस्था का सीधा प्रमाण है। पिछले कुछ समय से शहर के अलग-अलग इलाकों में चापड़बाजी की घटनाएं आम हो चुकी हैं। स्थानीय पुलिस की सुस्त गश्ती और अपराधियों में कानून का खौफ खत्म होने के कारण अब लोग देर रात सड़कों पर निकलने से डरने लगे हैं।

पुलिस खंगाल रही है CCTV, अब तक हाथ खाली
​घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची टेल्को थाना की पेट्रोलिंग टीम ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अपराधियों की पहचान के लिए तार कंपनी रोड व आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और अपराधियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा। लेकिन बड़ा सवाल यही है कि आखिर शहर को इस चापड़ गैंग के आतंक से मुक्ति कब मिलेगी?

Share This Article