पीएम मोदी से मिले अमेरिकी विदेश मंत्री रूबियो, कई अहम मुद्दों पर हुआ मंथन

Neelam
By Neelam
2 Min Read

भारत दौरे पर आए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले। इस दौरान कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई। मार्को रूबियो ने पीएम मोदी को व्हाइट हाउस आने का न्योता दिया। इस बैठक में भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर, विदेश मंत्री एस जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल सहित अन्य सीनियर अफसर भी मौजूद थे।

वैश्विक शांति एवं सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो के बीच द्विपक्षीय संबंधों और कई अहम मुद्दों पर विस्तार से बातचीत हुई। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि बातचीत के दौरान क्षेत्रीय और वैश्विक शांति एवं सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। दोनों देशों ने इस बात पर सहमति जताई कि वैश्विक हितों के लिए भारत और अमेरिका का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और अमेरिका भविष्य में भी आपसी सहयोग को और गहरा करते रहेंगे और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थिरता व विकास के लिए मिलकर काम करेंगे।

सुरक्षा-व्यापार और तकनीकि सहयोग पर चर्चा- सर्जियो गोर

भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने भी मीटिंग की फोटो शेयर की। उन्होंने लिखा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक के लिए मार्को रूबियो के साथ शामिल होकर बहुत अच्छा लगा। हमने सुरक्षा, व्यापार और महत्वपूर्ण तकनीकों के क्षेत्रों में अमेरिका-भारत सहयोग को और गहरा करने के तौर-तरीकों पर सार्थक चर्चा की – ये ऐसे क्षेत्र हैं जो हमारे दोनों राष्ट्रों को मजबूत करते हैं और एक स्वतंत्र व खुले इंडो-पैसिफिक को आगे बढ़ाते हैं। भारत और अमेरिका का एक अत्यंत महत्वपूर्ण साझेदार है!

पीएम मोदी को व्हाइट हाउस आने का दिया न्योता

अमेरिकी विदेश मंत्री ने पीएम मोदी को व्हाइट हाउस आने का भी न्योता दिया। इससे पहले नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के नेताओं के बीच व्यापार, सुरक्षा संबंधों समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई।

Share This Article