बिहार और झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग (IMD) ने दोनों राज्यों में तेज आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार 9 मई को कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
मौसम विभाग के मुताबिक बिहार और झारखंड में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई इलाकों में ओले गिरने और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। विभाग ने किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
आईएमडी ने चेतावनी दी है कि खराब मौसम के कारण पेड़ गिर सकते हैं, बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त हो सकती हैं और फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। खासकर खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की अपील की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 11 मई से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर उत्तर भारत के कई राज्यों में देखने को मिलेगा। इसके प्रभाव से दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में भी 11 से 14 मई के बीच गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है।
वहीं दूसरी ओर राजस्थान और गुजरात में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। पश्चिम राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ में अगले सात दिनों तक हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की गई है। देश में सबसे अधिक तापमान राजस्थान के बाड़मेर में 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दक्षिण भारत के राज्यों—केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश—में भी लगातार बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। इसके अलावा महाराष्ट्र, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।

