झारखण्ड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राज्य के कई जिलों में आज तेज आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 18 मई से 23 मई तक पूरे राज्य में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय रहने वाली हैं, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत तो मिलेगी, लेकिन खराब मौसम नई परेशानी भी खड़ी कर सकता है।
धनबाद और गिरिडीह के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। वहीं मंगलवार को राज्य के 9 जिलों में खराब मौसम को लेकर विशेष चेतावनी जारी की गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ गरज-चमक और वज्रपात की संभावना भी बनी हुई है। रांची , जमशेदपुर , बोकारो , देवघर , दुमका और पश्चिम सिंघभूम समेत कई इलाकों में मौसम सुहावना रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
दूसरी ओर पलामू और गढ़वा में भीषण गर्मी लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। मौसम विभाग ने इन जिलों में हीटवेव जैसे हालात बनने की संभावना जताई है। यहां तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। खासकर डालटनगंज इलाके में उमस और तेज गर्मी का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े न होने तथा बिजली कड़कने के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

