कौन हैं बांकीपुर से बीजेपी के नए उम्मीदवार नीरज सिन्हा? जो अभिषेक कुमार की जगह बने उम्मीदवार

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपना प्रत्याशी बदल दिया। बीजेपी के बांकीपुर प्रत्याशी अभिषेक कुमार सिन्हा ‘बंटी’ ने नामांकन के अगले दिन नाम वापस ले लिया। जिसके बद बीजेपी ने उनकी जगह मैदान में नीरज कुमार सिन्हा को उतारा है।

बीजेपी ने जमीनी कार्यकर्ता पर जताया भरोसा

बीजेपी ने इस बार किसी बड़े या चर्चित चेहरे के बजाय एक जमीनी कार्यकर्ता पर भरोसा जताया है। नीरज कुमार सिन्हा लंबे समय से पार्टी संगठन से जुड़े हुए हैं और कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। वह दो बार मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं और वर्तमान में नरेंद्र भारती मंडल के अध्यक्ष हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि संगठन में उनके लंबे अनुभव, जमीनी पकड़ और कार्यकर्ताओं के साथ मजबूत संबंधों को देखते हुए उन्हें उम्मीदवार बनाया गया है।

कौन हैं भाजपा के नए प्रत्याशी

1 जुलाई 1994 को पटना में जन्मे नीरज कुमार सिन्हा अविवाहित हैं और उन्होंने स्नातक तक की शिक्षा ग्रहण की है। पटना के मीठापुर बी एरिया के रहने वाले युवा भाजपा नेता नीरज कुमार सिन्हा राजनीति और सामाजिक कार्यों में लगातार सक्रिय हैं।

भारतीय जनसंघ से जुड़ा रहा नीरज कुमार सिन्हा का परिवार

पार्टी सूत्रों के अनुसार, नीरज कुमार सिन्हा का परिवार लंबे समय से भारतीय जनसंघ और बीजेपी से जुड़ा रहा है। उनके दादा जनसंघ के सक्रिय कार्यकर्ता थे और क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। नीरज कुमार सिन्हा के चाचा नरेंद्र भारती भी भाजपा में सक्रिय थे और जनसंघ के दौर से ही कार्यकर्ता थे। उनका निधन 1984 में हुआ था और उनके नाम पर ही मंडल का नाम रखा गया था। फिलहाल नीरज इसी मंडल के अध्यक्ष के तौर पर भाजपा में सक्रिय हैं।


अभिषेक बंटी के हटने के बाद मिला मौका

भाजपा ने पहले बांकीपुर सीट से अभिषेक सिन्हा उर्फ अभिषेक बंटी को उम्मीदवार बनाया था। लेकिन, उन्होंने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए नामांकन वापस ले लिया और चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया। इसके बाद नए उम्मीदवार को लेकर कई नामों की चर्चा थी, लेकिन पार्टी नेतृत्व ने अंततः नीरज कुमार सिन्हा पर भरोसा जताया।

Share This Article