पेपर लीक पर जारी बवाल का बांकीपुर उपचुनाव में किसे मिलेगा फायदा, शिवानंद तिवारी की अपील का होगा असर?

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार में बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है। बीजेपी इसे नाक की लड़ाई बना चुकी है। इस बीच नीट पेपर लीक को लेकर देश का सियासी पारा हाई है। दिल्ली से लेकर पटना तक छात्रों पर बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया गया। पहले देश की राजधानी दिल्ली में कॉकरोट जनता पार्टी के संसद मार्च में बवाल हुआ। उस बवाल के बाद बिहार की राजधानी पटना में हंगामा देखा गया। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को पटना की सड़कों पर छात्रों का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ा। अब सवाल उठ रहे है कि क्या 30 जुलाई को होने वाले बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से ठीक पहले हुए इस छात्र आंदोलन का असर चुनाव पर होगा?

छात्रों का यह आंदोलन अभी और बड़ा रूप लेगा-पीके

जनसुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने कहा कि छात्रों का यह आंदोलन अभी और बड़ा रूप लेगा, क्योंकि नौकरियां बेची जा रही हैं और इसी वजह से युवाओं में भारी आक्रोश है। उनके मुताबिक, बिहार के युवा पिछले कई वर्षों से हर दो-चार महीने पर किसी न किसी परीक्षा के पेपर लीक होने की घटनाएं देख रहे हैं, लेकिन इसमें शामिल लोगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होती। यही कारण है कि छात्रों का गुस्सा अब सड़कों पर दिखाई दे रहा है।

जनता सब कुछ देख और समझ रही है-पीके

प्रशांत किशोर ने कहा, परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र लीक कर दिए जाते हैं। ऐसे में छात्रों का गुस्सा फूटना स्वाभाविक था। अब यह आंदोलन किस रूप में आगे बढ़ता है, यह आने वाला समय बताएगा। जब उनसे पूछा गया कि क्या इस आंदोलन का असर बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव पर पड़ेगा, तो उन्होंने कहा, बांकीपुर की जनता पढ़ी-लिखी और जागरूक है। वह सब कुछ देख और समझ रही है। 30 जुलाई को जनता अपना फैसला सुना देगी।

दम्भी सरकार से बदला लेने का अवसर-शिवानंद तिवारी

इधर, बिहार के वरिष्ठ समाजवादी नेता शिवानंद तिवारी ने बांकीपुर उपचुनाव से पहले पटना के युवाओं से खास अपील की है। शिवानंद तिवारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा, दिल्ली का बदला पटना में लेंगे। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा है कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण की धरती पर इस दम्भी सरकार को सबक सिखाने का एक महत्वपूर्ण अवसर बिहार के नौजवानों के सामने है।

बांकीपुर में बीजेपी को हराकर सबक सिखाने की अपील

शिवानंद तिवारी ने युवाओं से अपील करते हुए कहा, आइए हम सब मिलकर बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के इस उप चुनाव मे इनको भारी मतों से पराजित कर इनको सबक सिखाएं। इनको बतायें कि लोकतंत्र दमन से नहीं बल्कि आम सहमति से चलाता है।

Share This Article