धनबाद के सिजुआ क्षेत्र के लोयाबाद सात नंबर मुस्लिम मुहल्ले में रविवार सुबह अचानक भू-धंसान से अरमान अंसारी का मकान जमींदोज हो गया। मौके पर करीब 15 फीट चौड़ा और 20 फीट गहरा गड्ढा बन गया। हादसे में घर में मौजूद जमीला खातून और उनके बच्चे बाल-बाल बच गए।
जमीन धंसते ही कमरे से भागा परिवार
पूर्वाह्न करीब 11 बजे एक कमरे की जमीन अचानक धंसने लगी। खतरा भांपकर जमीला और बच्चे बाहर निकल गए, जिसके कुछ देर बाद पूरा कमरा जमीन में समा गया। आसपास के लोगों ने भी परिवार की मदद की।
दूसरे घर तक पहुंचा भू-धंसान
घटनास्थल से दो घर बाद डबलू अंसारी के मकान का एक कमरा भी भू-धंसान की चपेट में आ गया। दहशत के बीच आसपास के कई परिवार घर खाली करने की तैयारी में जुट गए।
पुलिस ने की बैरिकेडिंग
सूचना मिलते ही लोयाबाद पुलिस और बांसजोड़ा कोलियरी प्रबंधन के अधिकारी पहुंचे। सुरक्षा के लिए घटनास्थल की बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही रोक दी गई।
भराई और पुनर्वास की तैयारी
बांसजोड़ा कोलियरी के परियोजना पदाधिकारी अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि भू-धंसान वाले गड्ढे की भराई शुरू कराई जा रही है। प्रभावित लोगों को दूसरी जगह बसाने की तैयारी भी की जा रही है।
बीसीसीएल पर लापरवाही का आरोप
स्थानीय लोगों ने घटना के लिए बीसीसीएल प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया और खनन क्षेत्र में पानी के प्रवेश से जमीन खोखली होने की आशंका जताई। हालांकि भू-धंसान के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

