फर्जी पुलिस बनकर JLKM नेता का अपहरण, हजारीबाग से पुलिस ने कुछ घंटों में ऐसे किया सकुशल रेस्क्यू

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : झारखंड के रामगढ़ में अपराधियों ने खाकी और कानून का खौफनाक इस्तेमाल कर एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। जय झारखंड भाषा खतियान संघर्ष समिति के नेता और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी पानेश्वर महतो को मंगलवार देर रात कुछ बदमाशों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर अगवा कर लिया। हालांकि, रामगढ़ पुलिस की तत्परता और लगातार छापेमारी के बाद अगवा नेता को बुधवार सुबह हजारीबाग से सुरक्षित छुड़ा लिया गया है।

कैथा चौक से दिया गया घटना को अंजाम
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे की है। पानेश्वर महतो रामगढ़ थाना क्षेत्र के कैथा-गोबरदरहा चौक के पास मौजूद थे। इसी दौरान एक काले रंग की बोलेरो वहां आकर रुकी। गाड़ी में सवार लोगों ने खुद को कुजू ओपी का पुलिसकर्मी बताते हुए उन्हें धौंस दिखाई और जबरन गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद बदमाश फोरलेन नेशनल हाईवे के रास्ते उन्हें लेकर हजारीबाग की ओर फरार हो गए।

रातों-रात एक्शन में आई पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी मुकेश कुमार लूणायत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस ने रातभर संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की और तकनीकी सेल की मदद से बदमाशों के रूट को ट्रैक किया। नतीजतन, बुधवार सुबह पुलिस ने हजारीबाग से पानेश्वर महतो को सकुशल बरामद कर लिया।

मेडिकल जांच जारी, खंगाले जा रहे हैं मकसद
बरामदगी के तुरंत बाद पुलिस ने एहतियात के तौर पर पानेश्वर महतो को हजारीबाग सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि अपहरणकर्ताओं ने पुलिस की आड़ क्यों ली और इसके पीछे उनकी असली मंशा क्या थी—रंगदारी, राजनीतिक रंजिश या कोई पुरानी दुश्मनी?

रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लूणायत ने इस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस फिलहाल हर पहलू से मामले की गहराई से जांच कर रही है। अपहरण में इस्तेमाल की गई काले रंग की बोलेरो और इसमें शामिल बदमाशों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस सनसनीखेज वारदात के पीछे छिपे चेहरों को बेनकाब कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Share This Article