पूर्णिया में आरजेडी नेता और पूर्व विधायक बीमा भारती के पति अवधेश मंडल पर गंभीर आरोप लगा है। अवधेश मंडल पर एक व्यक्ति को अगवा कर बेरहमी से मारने का गंभीर आरोप लगा है। अवधेश मंडल पर पीड़ित राम बल्लभ मंडल उर्फ भोला मंडल ने ये आरोप लगाया है। पीड़ित को गंभीर हालत में पूर्णिया जीएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति गंभीर बताई है। घटना को लेकर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

अवधेश मंडल पर हत्या कराने की कोशिश का आरोप
भवानीपुर थाना क्षेत्र के कुशहा निवासी बल्लभ मंडल उर्फ भोला मंडल ने आरोप लगाया कि अवधेश मंडल ने अपने आदमियों के जरिए पहले उसका अपहरण करवाया। फिर अपने घर ले जाकर दबिया से उसके सिर पर हमला किया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। भोला मंडल का दावा है कि अवधेश मंडल उसकी हत्या करना चाहते थे। इस संबंध में भोला मंडल ने भवानीपुर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
पांच साल पहले भी हुई थी मारपीट की घटना
घायल राम बल्लभ मंडल ने बताया कि यह विवाद जमीन के मामले को लेकर है, जिसमें पांच साल पहले भी अवधेश मंडल और उनके साथियों ने उन्हें मारा था। उस समय उन्होंने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन बाद में पैसे के लेनदेन के कारण मामला सुलझा लिया था। हाल ही में, जब राम बल्लभ मंडल अपने घर से भवानीपुर बाजार की ओर जा रहे थे, तभी अवधेश मंडल अपने गुर्गों के साथ आए और उन्हें जबरन बंधक बना लिया। इसके बाद उसे गंभीर रूप से पीटा गया।
बीमा भारती ने कहा- घटना की जानकारी नहीं
हालांकि, पूर्व विधायक बीमा भारती ने इस मामले में पूर्ण अनभिज्ञता जाहिर की है। उनका कहना है कि उन्हें इस तरह की किसी घटना की जानकारी नहीं है और अगर ऐसा कुछ हुआ है तो कानून अपना काम करेगा। वहीं, इस आरोप के बारे में पूछे जाने पर अवधेश मंडल ने कहा कि उन पर लगाए गए आरोप मनगढ़ंत हैं और उन्हें राजनीति के तहत फंसाया जा रहा है। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है।