Bihar: आज पटना में महागठबंधन का पोवर शो, राहुल-तेजस्वी करेंगे शक्ति प्रदर्शन, गांधी मैदान सज-धजकर तैयार

Neelam
By Neelam
3 Min Read

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा 1 सितंबर यानी आज पटना के गांधी मैदान में एक विशाल रोड शो और रैली के साथ समाप्त होगी। राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बिहार के 23 जिलों को 14 दिनों में कवर करने के बाद वोटर अधिकार यात्रा का आज समापन होने वाला है। आज के कार्यक्रम के अनुसार, इंडिया गठबंधन के नेता सुबह 10.50 बजे से 11.05 बजे तक गांधी मैदान स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।

महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि के बाद यात्रा शुरू होकर एसपी वर्मा रोड, डाक बंगला चौक, कोतवाली थाना, नेहरू पथ से होते हुए डॉ. बीआर अंबेडकर की प्रतिमा तक जाएगा और दोपहर 12.30 बजे अंबेडकर पार्क, नेहरू पथ पर समाप्त होगा। इंडिया गठबंधन के नेताओं ने इस मार्च को ‘गांधी से अंबेडकर मार्च’ नाम दिया है। वे दोपहर 12.30 बजे डॉ. बीआर अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। वहां एक जनसभा भी होगी।

देशभर से जुट रहे महागठबंधन के नेता

यात्रा के अंतिम दिन पटना में गठबंधन- इंडिया की ताकत दिखाई जाएगी। इसके लिए देशभर से नेताओं को बुलावा दिया गया है। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव इस यात्रा में पहले दिन से राहुल गांधी के साथ कदमताल कर रहे हैं, वह तो रहेंगे ही। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को भी बुलावा भेजा गया है। झारखंड से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी आ रहे हैं। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, शिवसेना के चर्चित नेता संजय राउत, राष्ट्रवाली कांग्रेस नेता सुप्रिया सुले आदि के पहुंचने की सूचना आ रही है।

एसआईआर को लेकर घमासान

रैली को राहुल गांधी, तेजस्वी यादव, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, भाकपा-माले महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य और वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी संबोधित करेंगे। यात्रा के दौरान, इंडिया गठबंधन के नेताओं ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर केंद्र सरकार और भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) पर निशाना साधा और दावा किया कि 65 लाख से ज्यादा नाम हटा दिए गए हैं।

Share This Article